ओरमांझी (रांची) की क्रिकेटर कुमारी पलक का चयन इंग्लैंड दौरे पर जाने वाली भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में हुआ है। बुटी क्रिकेट क्लब की खिलाड़ी पलक 26 नवंबर से इंग्लैंड के खिलाफ शुरू होने वाली श्रृंखला में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

क्लब के कोच पंचीत कुमार ने बताया कि पलक का चयन उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगातार बेहतर प्रदर्शन का नतीजा है। उन्होंने विश्वास जताया कि पलक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगी। उनके प्रदर्शन को देखते हुए 2027 महिला अंडर-19 विश्व कप की भारतीय टीम में चयन की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं।

पलक ने हाल ही में इंडिया ए, इंडिया बी और नेपाल के बीच आयोजित ट्राई-सीरीज में अपने प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचा। 22 नवंबर को खेले गए फाइनल मुकाबले में इंडिया बी की ओर से बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने महज 25 गेंदों पर नाबाद 39 रन की पारी खेली। इस बल्लेबाजी की बदौलत इंडिया बी ने फाइनल जीतकर ट्रॉफी अपने नाम की।

पलक के चयन से क्लब सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू, पूर्व सांसद रामटहल चौधरी, आजसू जिला अध्यक्ष संजय कुमार, पूर्व प्रमुख जयगोविंद उर्फ लालू साहू, मुखिया जुगुन मुंडा, हितेंद्र सिंह व शंकर महतो सहित कई लोगों ने उन्हें बधाई दी। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय नाथ सहदेव व सचिव सौरव तिवारी ने भी उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बेटी की सफलता से मां संगीता भगत भी बेहद खुश हैं।