भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने वेलिंग्टन में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के बाद सलाइवा के इस्तेमाल पर लगे बैन को हटाने की मांग की थी। यह मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ था। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में गिल ने कहा था कि कोविड का दौर बीत चुका है और उन्हें समझ नहीं आता कि गेंद को चमकाने की इजाजत अब तक क्यों नहीं दी गई। उन्होंने गेंदबाजों की वकालत करते हुए बैन हटाने की बात कही थी।

रिपोर्ट के अनुसार, आईसीसी गिल की अपील के बाद भी अपना फैसला नहीं बदलेगा। आईसीसी ने कोविड के दौरान सलाइवा के इस्तेमाल पर अस्थायी रूप से रोक लगाई थी, जिसे बाद में स्थायी कर दिया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, यह बैन सिर्फ स्वास्थ्य कारणों से नहीं, बल्कि क्रिकेट से जुड़े कई अन्य कारणों से भी लागू है।

आईसीसी का मानना है कि सलाइवा मिंट या चुइंग गम जैसी चीजों के साथ मिलकर गेंद की स्थिति को काफी हद तक प्रभावित कर सकता है, जिससे गेंद की देखरेख और ज्यादा मुश्किल हो जाती है। एमसीसी के नियमों में भी संशोधन करते हुए सलाइवा को उन प्रतिबंधित पदार्थों में गिना जाने लगा है जो गलत तरीके से गेंद की स्थिति बदलते हैं। इसके अलावा आईसीसी को सलाइवा से बीमारियों के संक्रमण फैलने का भी डर है।

रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि हाल ही में बाली में हुई आईसीसी की बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा नहीं हुई थी। गिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि नियम के तहत गेंद पर सलाइवा का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता और उस बात को अब सात-आठ साल हो चुके हैं।