औरंगाबाद के देव प्रखंड के दुलारे पंचायत मुख्यालय में संचालित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (एपीएचसी) को करीब चार दशक बाद भी पक्का भवन नहीं मिला है। खपड़ैल भवन में चल रहे इस अस्पताल की पूरी व्यवस्था महज एक एएनएम सरिता कुमारी के भरोसे है। ग्रामीणों के अनुसार, करीब तीन वर्ष पहले यहां चिकित्सक की पदस्थापना हुई थी, लेकिन वे पहले दिन से अस्पताल नहीं आए और बाद में उनका स्थानांतरण भी हो गया।

इसके चलते ग्रामीणों को छोटी बीमारी में भी प्राथमिक उपचार के लिए करीब 15 किलोमीटर दूर देव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाना पड़ता है, जबकि गंभीर मरीजों को करीब 40 किलोमीटर की दूरी तय कर सदर अस्पताल औरंगाबाद पहुंचना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि आपात स्थिति में अस्पताल पहुंचने में लगने वाला समय मरीज की परेशानी बढ़ा देता है, और बरसात में खराब रास्तों तथा लंबी दूरी के कारण सुदूरवर्ती और पहाड़तली इलाके के लोगों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं।

मुखिया बिजेंद्र कुमार यादव ने कहा कि पंचायत मुख्यालय में चार दशक से अस्पताल संचालित है, लेकिन पक्का भवन नहीं बनना दुर्भाग्यपूर्ण है। उनके अनुसार न चिकित्सक हैं और न पर्याप्त सुविधाएं; कई बार मांग उठाने के बावजूद विभाग और जनप्रतिनिधियों ने सुध नहीं ली। ग्रामीण मदन यादव, चंद्रदीप यादव, विजय भुइयां और बिजेंद्र यादव का कहना है कि आरोग्य मंदिर का नाम देने से व्यवस्था नहीं सुधरेगी। इसके लिए पक्का भवन, चिकित्सक, पर्याप्त स्वास्थ्यकर्मी और जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने होंगे।