हरियाणा एनसीआर के चार जिलों—गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत और झज्जर—में 'नो पीयूसी, नो फ्यूल' नीति लागू करने में देरी हो रही है। पेट्रोल पंपों पर एएनपीआर कैमरे लगाने की दो समयसीमाएं—पहले एक नवंबर और बाद में 15 नवंबर—बीत जाने के बाद अब काम शुरू हुआ है। अभी पंपों पर केवल नो पीयूसी, नो फ्यूल के बोर्ड लग सके हैं। कैमरे लगने में अभी 20 दिन का समय और लगने की उम्मीद है।

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के निर्देश पर 10 साल पुराने डीजल और 15 साल पुराने पेट्रोल वाहनों के परिचालन पर रोक के लिए उन्हें ईंधन न देने के निर्देश जारी किए गए थे। पहले चरण में इन चार जिलों के पेट्रोल पंपों पर 600 एएनपीआर कैमरे लगाने की योजना थी। कैमरे लगाने वाली कंपनी गोदावरी एडवांस टेक्नोलाजी प्रा. लि. के सीनियर मैनेजर एसपी शर्मा के अनुसार गुरुग्राम में 300, फरीदाबाद में 130, सोनीपत में 197 और झज्जर में 180 कैमरे लगाए जाएंगे। हर पंप पर एक कैमरा वाहन की नंबर प्लेट स्कैन कर स्पीकर के माध्यम से बताएगा कि वाहन अपनी आयु पूरी कर चुका है या उसके पास वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र है। कंपनी तीन साल तक सभी कैमरों का रखरखाव करेगी और निगरानी के लिए चंडीगढ़ में कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है।

सोनीपत में बुधवार से कैमरे लगाने का काम शुरू हुआ है। पंपों पर लगे बोर्ड पर साफ लिखा है कि बिना पीयूसी वाले वाहनों को तेल नहीं दिया जाएगा। पंप संचालकों को नीति का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं और बिना पीयूसी वाले वाहन को तेल देने पर 10 हजार रुपये तक जुर्माने का प्रविधान है। पंप संचालकों को कैमरे लगाने वाली कंपनी को सहयोग करने के लिए कहा गया है। कैमरे लगाने में देरी का कारण टेंडर में देरी और त्योहारी सीजन माना जा रहा है।

खाद्य आपूर्ति मामलों के नियंत्रक राजेश्वर मुदगिल ने बताया कि कंपनी को जल्द काम पूरा करने के आदेश दिए गए हैं। जिला परिवहन अधिकारी सुभाष चंद्र के अनुसार कैमरे लगने के बाद परिवहन विभाग निगरानी करेगा कि पंपों पर नीति का सही पालन हो रहा है या नहीं, और लापरवाही बरतने पर 10 हजार रुपये के जुर्माने का प्रविधान है।