भागलपुर और जमालपुर के बीच 1094.53 करोड़ रुपये की लागत से 52.81 किलोमीटर लंबी तीसरी रेल लाइन बिछाने का रास्ता साफ हो गया है। पूर्व रेलवे के कंस्ट्रक्शन एग्जीक्यूटिव इंजीनियर अखिलेश कुमार के अनुसार, मुंगेर और भागलपुर रेल क्षेत्र में करीब 66 हेक्टेयर भूमि के सत्यापन का कार्य प्रशासन के सहयोग से शुरू कर दिया गया है। यह प्रक्रिया तीन महीने में पूरी कर ली जाएगी, जिसके बाद जिला भूमि अधिग्रहण पदाधिकारी द्वारा जमीन रेलवे को सौंपे जाने की तैयारी है और निर्माण कार्य शुरू हो सकेगा।
इस परियोजना के लिए पहले 1893 करोड़ रुपये का प्राक्कलन रेलवे बोर्ड को भेजा गया था। रेलवे बोर्ड द्वारा लागत कम करने के निर्देश के बाद कंस्ट्रक्शन विभाग ने संशोधित बजट तैयार किया, जिसे हाल ही में मंजूरी मिल गई है। तीसरी लाइन को अगले तीन वर्षों में बिछाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
यह परियोजना इस रेलखंड से सफर करने वाले यात्रियों और कोयला ढुलाई के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है। इसे महत्वाकांक्षी इकोनामिक कॉरिडोर परियोजना बताया गया है।
