लखीसराय जिले में जन वितरण प्रणाली की 79 नई उचित मूल्य की दुकानों के अनुज्ञप्ति के लिए आवेदन मांगे गए हैं। जिला आपूर्ति कार्यालय की विज्ञप्ति संख्या-01/2026 के अनुसार जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। ये पद लखीसराय अनुमंडल के चानन, हलसी, लखीसराय, पिपरिया, रामगढ़चौक और सूर्यगढ़ा के साथ लखीसराय नगर परिषद और सूर्यगढ़ा नगर परिषद में विभिन्न कोटि के हैं।
इच्छुक आवेदक 1 दिसंबर 2026 से 7 दिसंबर 2026 तक प्रत्येक कार्य दिवस में सुबह 10:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक अनुमंडल कार्यालय लखीसराय में आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन स्वयं या प्रतिनिधि के माध्यम से दिया जा सकता है। निर्धारित अवधि के बाद मिले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। आवेदन के लिए कोई शुल्क नहीं है।
आवेदन के लिए मैट्रिक पास और वयस्क होना अनिवार्य है। कंप्यूटर ज्ञान रखने वाले आवेदकों को प्राथमिकता दी जाएगी। शैक्षणिक योग्यता समान होने पर अधिक अंक पाने वाले और अंक भी समान होने पर अधिक उम्र वाले आवेदक को प्राथमिकता मिलेगी। स्वयं सहायता समूहों, महिलाओं की सहयोग समितियों, पूर्व सैनिकों की सहयोग समितियों, शिक्षित बेरोजगारों और संबंधित पंचायत अथवा वार्ड के निवासियों को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
अनुज्ञप्ति पांच वर्ष के लिए जारी होगी, जिसके बाद निर्धारित प्रावधानों के अनुसार नवीकरण किया जाएगा। एक संयुक्त परिवार के एक से अधिक सदस्य को दुकान आवंटित नहीं होगी। सरपंच, पंच, वार्ड सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य, विधायक, विधान परिषद सदस्य और नगर निकायों के निर्वाचित सदस्य अनुज्ञप्ति पाने के पात्र नहीं होंगे। आटा चक्की के मालिकों और उनके निकट संबंधियों को भी दुकान आवंटित नहीं की जाएगी।
