कालका-शिमला नैरोगेज हेरिटेज रेललाइन पर टॉय ट्रेन का संचालन नए साल पर भी शुरू नहीं होगा। रेलवे ने बंद ट्रेनों की अवधि बढ़ाकर 10 जनवरी कर दी है। पहले यह अवधि 31 दिसंबर तक थी। इससे हिमाचल आने वाले पर्यटकों को मायूसी हाथ लगेगी।
इस साल अगस्त में हुई भारी वर्षा और भूस्खलन के कारण सोलन के टकसाल और गुम्मण स्टेशन के बीच ब्रिज नंबर 57 के पास रेललाइन के नीचे जमीन धंस गई थी। इसका मरम्मत कार्य अभी पूरा नहीं हो पाया है। इस रूट पर रोजाना छह ट्रेन चलती हैं, जिनमें से चार बंद रहेंगी और दो धर्मपुर से शिमला के बीच चलाई जा रही हैं।
रेललाइन बंद होने से शिमला में पर्यटन कारोबार को भी नुकसान हो रहा है। पर्यटन कारोबारी अमित कुमार, विवेक शर्मा और इंद्रजीत सिंह के अनुसार दिसंबर से 15 जनवरी तक ट्रेनों में हर बार 100 प्रतिशत आक्यूपेंसी रहती है और इस अवधि में अतिरिक्त ट्रेन भी चलानी पड़ती है। सबसे ज्यादा मार शिमला रेलवे स्टेशन से टैक्सी चलाने वालों पर पड़ रही है। वर्ष 2023 में बरसात के दौरान ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई थी, लेकिन तब नए साल में सेवा बहाल कर दी गई थी।
विदेशी पर्यटक शिमला-कालका रेललाइन पर सफर करना सबसे ज्यादा पसंद करते हैं और स्टीम इंजन बुक कराकर यात्रा करते रहे हैं। इस बार उन्हें भी यह सुविधा नहीं मिल सकेगी। 2008 में यूनेस्को द्वारा वर्ल्ड हेरिटेज का दर्जा पाए 121 वर्ष पुराने इस 96 किलोमीटर लंबे ट्रैक पर 103 सुरंगें और 869 छोटे-बड़े पुल हैं। बड़ोग रेलवे स्टेशन की 33 नंबर सुरंग सबसे लंबी है, जिसकी लंबाई 1143.61 मीटर है। इस ट्रैक पर 18 रेलवे स्टेशन हैं।
