केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 12 दिसंबर को बिहार पुलिस को राष्ट्रपति कलर अवार्ड प्रदान करेंगे, जो देश का सर्वोच्च पुलिस सम्मान है। इस समारोह का आयोजन पटना स्थित बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-5 (बीसैप-5) परिसर में किया जाएगा, जहां करीब 18 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
सम्मान मिलने के बाद बिहार पुलिस को एक विशेष ध्वज (बैज) दिया जाएगा, जिसे सिपाही से लेकर डीजीपी रैंक तक के सभी पुलिसकर्मी अपनी वर्दी पर सीने के पास धारण करेंगे। पुलिस महकमे में इसे लेकर उत्साह है। इस वर्ष अप्रैल में बिहार पुलिस को समग्र पुलिसिंग के लिए यह अवार्ड देने की घोषणा की गई थी। यह सम्मान पुलिस बल को स्थापना काल से अब तक की असाधारण सेवाओं, वीरता और कर्तव्य के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के लिए दिया जाता है। यह पुरस्कार किसी पुलिस बल को उसके पूरे इतिहास में केवल एक बार प्रदान किया जाता है और इसे निशान के नाम से भी जाना जाता है।
समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री के साथ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, बिहार पुलिस के डीजीपी और सभी वरीय पुलिस पदाधिकारी शामिल होंगे। गृह मंत्री करीब ढाई घंटे पुलिसकर्मियों के बीच रहेंगे और परेड की सलामी लेंगे। परेड में गोरखा बटालियन, महिला स्वाभिमान बटालियन, एसटीएफ और अश्वारोही पुलिस दस्ता समेत पुलिस की आठ इकाइयां शामिल होंगी। परेड का नेतृत्व आइपीएस रैंक के अधिकारी करेंगे और पुलिस बैंड की विशेष प्रस्तुति भी होगी।
समारोह को भव्य बनाने के लिए बीसैप-5 परिसर में सड़कों का चौड़ीकरण, परेड ग्राउंड का सौंदर्यीकरण, फैब्रिक शेड, गैलरी, फोर्ट की दीवार, फर्नीचर और अन्य तकनीकी सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। परेड में शामिल होने वाली इकाइयों ने अभ्यास शुरू कर दिया है और आयोजन स्थल पर निर्माण व व्यवस्था से जुड़े कार्यों को तेजी से पूरा किया जा रहा है।
