भारत स्वस्तिक यात्रा के दूसरे चरण का समापन शनिवार को जगन्नाथपुरी में रामकथा के साथ हुआ। इस अवसर पर मोरारी बापू ने कथा सुनाई और यात्रा के आध्यात्मिक महत्व पर विचार व्यक्त किए।

मोरारी बापू ने भगवान श्रीकृष्ण को प्रेम, बलराम को सत्य और देवी सुभद्रा को करुणा का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि इन तीन दिव्य स्वरूपों के साथ चैतन्य महाप्रभु भी इस आध्यात्मिक स्वस्तिक के अभिन्न अंग हैं। बापू के अनुसार, इस यात्रा से निर्मित स्वस्तिक शाश्वत है और इसे कभी मिटाया नहीं जा सकता।

बापू ने कहा कि भारत स्वस्तिक कथा तीन दिव्य शक्तियों महालक्ष्मी, महासरस्वती और महाकाली की ऊर्जा से संपन्न हुई है, और इसके ऊपर त्रिभुवन गुरु महाकाल की कृपा रही। उन्होंने जगन्नाथपुरी की आध्यात्मिक पहचान को भी इन तीन स्वरूपों से जोड़ा और कहा कि यात्रा से बना यह स्वस्तिक कालातीत और चिरस्थायी है।

भारत स्वस्तिक यात्रा का दूसरा चरण 14 नवंबर को द्वारका से शुरू हुआ था। यह यात्रा सोमनाथ, डाकोर, उज्जैन, नागपुर, छत्तीसगढ़ के चंपारण, मायापुर और कोलकाता होते हुए जगन्नाथपुरी पहुंची, जहां चारधामों में शामिल इस पवित्र तीर्थस्थल पर रामकथा के साथ इसका समापन हुआ।