पटना: नए परिसीमन को लेकर तैयारी पूरी बताई जा रही है। लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या बढ़ाने की तैयारी है। इसका असर देश के साथ बिहार की राजनीति पर भी पड़ सकता है। फिलहाल बिहार में लोकसभा की 40 और विधानसभा की 243 सीटें हैं। नया परिसीमन लागू होने पर बिहार में लोकसभा की 60 और विधानसभा की 365 सीटें हो सकती हैं।

परिसीमन की प्रक्रिया में जनसंख्या के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्गठन और सीटों की संख्या में संभावित वृद्धि शामिल है। इससे संसदीय और राज्यस्तरीय राजनीति की दिशा बदल सकती है। लोकसभा और विधानसभा की संरचना बदलने से मतदाता-प्रतिनिधि अनुपात में फेरबदल होगा। उम्मीदवारों के चयन, आरक्षित सीटों की स्थिति और दलों के प्रभाव क्षेत्रों पर भी असर पड़ सकता है।

लोकसभा सीटें बढ़ने से राष्ट्रीय राजनीति में बिहार का प्रतिनिधित्व और प्रभाव बढ़ सकता है। विधानसभा सीटों में बढ़ोतरी से नए निर्वाचन क्षेत्र बन सकते हैं और टिकट दावेदारों की संख्या बढ़ सकती है। परिसीमन के साथ महिला आरक्षण लागू होने से महिलाओं की भागीदारी बढ़ सकती है। सीट बंटवारे के पुराने समीकरण भी बदल सकते हैं।

भाजपा नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि 30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है, जिसमें कई महत्वपूर्ण बिल पास होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया है कि महिला आरक्षण बिल में कोई रुकावट नहीं आएगी। परिसीमन बिल भी पेश किए जाने की संभावना है, जिसके लिए दो-तिहाई बहुमत की जरूरत होगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार आधी आबादी का सम्मान और हक देना चाहती है, जबकि कांग्रेस समेत कई विपक्षी पार्टियां इसमें बाधक बनी हैं।

लोकसभा के विस्तार पर एक शोधपत्र के अनुसार, राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा आवंटन मोटे तौर पर 1971 की जनगणना पर आधारित है, जब भारत की आबादी लगभग 55 करोड़ थी। तब से जनसंख्या लगभग तीन गुनी हो चुकी है, लेकिन लोकसभा की सदस्य संख्या में उसके अनुरूप वृद्धि नहीं हुई है। शोधपत्र के मुताबिक एक औसत लोकसभा क्षेत्र की जनसंख्या लगभग 27 लाख है।