दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने ड्रग्स तस्करी के आरोप में यश बिश्नोई को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से 656 ग्राम अफीम और 21 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ। क्राइम ब्रांच के डीसीपी चंद्र कुमार सिंह के अनुसार, 25 नवंबर की शाम करीब सात बजे एसआइ प्रवीर सिंह की टीम रोहिणी सेक्टर-34 स्थित बस स्टाप के पास गश्त पर थी। बवाना नहर पुल की ओर से कमर पर बैग लटकाए एक संदिग्ध युवक आता दिखा, जो पुलिसकर्मियों को देखकर भागने लगा। टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया। पकड़े गए आरोपित की पहचान पिल्लूखेड़ा, जींद निवासी यश बिश्नोई के रूप में हुई। बैग की तलाशी में अफीम और एमडीएमए बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि 2015 में उसके पिता सुभाष ने मुरादाबाद में अपने एक सहकर्मी की हत्या की थी और तब से वह फरार है। इसके बाद उसकी मां ने जींद के पिल्लूखेड़ा गांव निवासी पवन से दूसरी शादी कर ली। यश 2016 से अलग-अलग रूटों पर ट्रक और अन्य वाहन चलाकर गुजारा कर रहा था। इसी दौरान उसे अफीम की लत लग गई और वह हाईवे के ढाबों से अफीम लेकर पीने लगा।
पुलिस के अनुसार, जल्द पैसा कमाने के लालच में आरोपित 2022 से बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से अफीम और एमडीएमए खरीदकर लाने लगा। वह इनकी सप्लाई जींद, रोहतक तथा सोनीपत से सटे दिल्ली के बाहरी गांवों में करता था। आरोपित पिछले कई साल से तस्करी का धंधा कर रहा था।
