मुंबई के घाटकोपर रेलवे स्टेशन पर सार्वजनिक शौचालय के अंदर 60 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म और मारपीट की घटना सामने आई है। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 25 वर्षीय आरोपी तस्लीम नूर मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़ित महिला खडवली में रहती हैं और दिहाड़ी मजदूरी के लिए रोजाना घाटकोपर आती हैं। गुरुवार को उनके साथ उनकी 18 वर्षीय बेटी भी थी। काम खत्म करने के बाद दोनों मां-बेटी खडवली जाने वाली ट्रेन पकड़ने के लिए घाटकोपर स्टेशन पहुंचीं। प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर बेटी ट्रेन का इंतजार कर रही थी, तभी महिला रात करीब 11:12 बजे स्टेशन के शौचालय में गईं। उस समय वहां कोई कर्मचारी या गार्ड तैनात नहीं था।

स्टेशन के सीसीटीवी कैमरों में दिखा कि महिला के जाने के कुछ ही देर बाद करीब 25 साल का एक युवक शौचालय के अंदर दाखिल हुआ। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और अंदर के गलियारे में महिला के साथ दुष्कर्म किया। उसने महिला के माथे पर भी वार किया, जिससे वह घायल हो गईं। फुटेज में आरोपी रात 11:19 बजे शौचालय से बाहर निकलकर घाटकोपर मेट्रो स्टेशन की दिशा में जाते दिखा।

रात करीब 11:22 बजे महिला किसी तरह बाहर निकलीं और अपनी बेटी को घटना के बारे में बताया। दोनों मदद के लिए प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर स्थित जीआरपी डेस्क पर पहुंचीं। स्टेशन मैनेजर और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को तुरंत सूचना दी गई। एक महिला पुलिसकर्मी ने पीड़िता से पूछताछ की, जिसके बाद उन्हें मेडिकल जांच के लिए घाटकोपर के राजावाड़ी अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने स्टेशन और आसपास के मेट्रो क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें आरोपी शौचालय में जाते और बाहर निकलते साफ दिखाई दिया। भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत दुष्कर्म का मामला दर्ज कर आरोपी को पकड़ने के लिए कई टीमें बनाई गईं। फुटेज से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपी तस्लीम नूर मोहम्मद को घाटकोपर के असल्फा इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस यह पता लगा रही है कि आरोपी का पहले भी कोई आपराधिक रिकॉर्ड रहा है या नहीं।