भागलपुर में ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से कृषि विभाग और आत्मा (ATMA) की ओर से दो दिवसीय मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें स्वयं सहायता समूह और जीविका से जुड़ी महिलाओं को मशरूम की खेती और उत्पादन से संबंधित व्यावहारिक जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण लेने वाली महिलाओं का कहना है कि इस हुनर से परिवार को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के साथ रोजगार के नए अवसर भी बनेंगे। उन्हें विश्वास है कि मशरूम उत्पादन से वे आर्थिक रूप से मजबूत बनकर 'लखपति दीदी' बनने का लक्ष्य हासिल कर सकेंगी। प्रशिक्षु संगीता देवी ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद वह घर पर ही मशरूम की खेती शुरू करेंगी, जिससे परिवार की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी। एक अन्य प्रशिक्षु रुक्मिणी देवी ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान मशरूम उत्पादन की तकनीकी जानकारी दी गई और इससे अतिरिक्त आमदनी का स्रोत भी विकसित होगा।

जिला कृषि पदाधिकारी प्रेम शंकर प्रसाद ने बताया कि राज्य सरकार का लक्ष्य महिलाओं को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाना है और इसी उद्देश्य से यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उनके अनुसार, महिलाएं कम जगह और सीमित संसाधनों में भी मशरूम उत्पादन शुरू कर अच्छा मुनाफा कमा सकती हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 'लखपति दीदी' अभियान के लक्ष्य को पूरा करने के लिए इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम लगातार चलाए जा रहे हैं। प्रशिक्षण के बाद महिलाएं स्वयं का कारोबार शुरू कर आर्थिक रूप से सशक्त बनेंगी।