मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह पुरानी जीरोमाइल चौक के पास सड़क किनारे एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान दरभंगा जिले के सिंघवाड़ा थाना क्षेत्र निवासी 38 वर्षीय सुशील कुमार के रूप में हुई है। प्रथम दृष्टया हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

मृतक की पत्नी प्यारी देवी ने घटनास्थल पर बताया कि उनके पति अपनी बहन के घर रहकर हलवाई का काम करते थे। उनके दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। पत्नी के अनुसार, सुबह उनके ननदोई ने फोन कर सुशील की मौत की सूचना दी। जब वे घटनास्थल पर पहुंचीं, तो सुशील का शव सड़क किनारे पड़ा हुआ था।

अहियापुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, स्वजन अभी घटना को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दे रहे हैं। स्वजन के लिखित बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और एफएसएल की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।