गोरखपुर में ठंड बढ़ने के साथ ही रैन बसेरों की हकीकत सामने आई है। रात के समय शहर के प्रमुख रैन बसेरों का जायजा लिया गया, जिसमें पाया गया कि कई केंद्रों में बेड खाली पड़े हैं, जबकि बेसहारा लोग सड़क किनारे, नाले की पटरी और फ्लाईओवर के नीचे खुले आसमान में रात बिताने को मजबूर हैं। कई रैन बसेरों में निर्माण, टाइल्स लगाने और रंगाई-पुताई का काम अभी चल रहा है, जिससे ठहरने वालों को शोर और अव्यवस्था के बीच रात काटनी पड़ रही है। पड़ताल में सामने आया कि प्रचार-प्रसार की कमी से जरूरतमंदों को इन केंद्रों की जानकारी ही नहीं मिल पा रही है।
रात करीब साढ़े आठ बजे छात्र संघ भवन के पास संचालित रैन बसेरे से पड़ताल शुरू हुई। यहां पुरुषों के लिए 10 और महिलाओं के लिए पांच बेड हैं, लेकिन 14 बेड खाली मिले। पूरे केंद्र में लखनऊ से साक्षात्कार देने आए एक युवक ही मौजूद थे। रात करीब पौने नौ बजे रेलवे स्टेशन परिसर स्थित रैन बसेरे में महिलाओं और पुरुषों के लिए 10-10 बेड की व्यवस्था है, जहां टाइल्स और पेंटिंग का काम चल रहा था। वाराणसी जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहे सुल्तानपुर के एक यात्री यहां ठहरे मिले।
रात नौ बजे गोरखनाथ रैन बसेरे में 127 बेड की व्यवस्था है, लेकिन वहां केवल 20 लोग ही पहुंचे थे। यहां भी पेंट-पॉलिश का काम अधूरा मिला। गोंडा, मोतिहारी, कुशीनगर, श्रावस्ती और गाजियाबाद से आए लोग यहां ठहरे मिले, जबकि कुछ लोग नौकरी के साक्षात्कार के सिलसिले में रुके थे। धर्मशाला स्थित रैन बसेरे में पुरुषों के लिए 27 और महिलाओं के लिए 17 बेड हैं, जहां पटना निवासी एक व्यक्ति ठहरा मिला और रंगाई-पुताई का काम चलता दिखा। गोरखनाथ में महिलाओं के लिए अलग 39 बेड का रैन बसेरा संचालित है, जहां 12 महिलाएं मौजूद मिलीं। पुरुषों से अलग व्यवस्था के कारण महिलाओं ने सुरक्षा और सुविधा पर संतोष जताया।
पड़ताल से साफ है कि शहर में बेड की कमी नहीं है, बल्कि जरूरत रेस्क्यू अभियान चलाकर फुटपाथ पर सोने वालों को रैन बसेरों तक पहुंचाने की है। साथ ही ठंड बढ़ने से पहले सभी केंद्रों का निर्माण और रंगाई-पुताई का काम पूरा कर बिस्तरों को दुरुस्त किया जाना चाहिए।
