पटना। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार पछुआ हवाओं के कारण बिहार में मौसम शुष्क और सामान्य बना रहेगा। अगले तीन से चार दिनों के दौरान प्रदेश में हल्के से मध्यम स्तर के कोहरे का प्रभाव बना रहेगा। सुबह और रात में हल्की ठंड महसूस होगी। तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है, जबकि कुछ स्थानों पर हवा की गति बढ़ने के आसार हैं।
शुक्रवार को पटना समेत 19 जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि 32.2 डिग्री सेल्सियस के साथ कैमूर में सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया। गया जिले में 800 मीटर दृश्यता दर्ज की गई। शुक्रवार को पटना और आसपास के इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छाया रहा, जबकि दिन में धूप के प्रभाव से मौसम सामान्य रहा।
मौसम विभाग के अनुसार एक सप्ताह बाद पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बढ़ने से धुंध में वृद्धि होगी और तापमान में गिरावट आने से ठंड बढ़ने की संभावना है।
