भारतीय सेना को अक्सर ऐसे इलाकों में काम करना पड़ता है जहां मोबाइल सिग्नल और सैटेलाइट कनेक्टिविटी भरोसेमंद नहीं होती। बिट्स पिलानी हैदराबाद कैंपस के 20 वर्षीय छात्र सामर्थ आलोक श्रीवास्तव ने इस समस्या के समाधान के लिए एक पॉकेट साइज रेडियो सिस्टम तैयार किया है, जिसका नाम Krath Control रखा गया है। इसे उनके स्टार्टअप Krathveil के जरिए विकसित किया जा रहा है, जिसे सामर्थ ने अपने साथी श्रेष्ठ प्रकाश सिंह के साथ मिलकर शुरू किया है।
इस सिस्टम की खास बात यह है कि इसे चलाने के लिए सिम कार्ड, मोबाइल टावर, इंटरनेट या सैटेलाइट की जरूरत नहीं पड़ती। यह तकनीक पूरी तरह इंफ्रास्ट्रक्चर इंडिपेंडेंट बताई जा रही है, यानी यह बुनियादी ढांचे पर निर्भर नहीं करती। इस वजह से घने जंगलों, ऊंचे पहाड़ों और सीमा से लगे इलाकों में इसका इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके जरिए लोग सुरक्षित तरीके से आपस में बात कर सकते हैं और अपनी सटीक लोकेशन भी साझा कर सकते हैं। इसकी संपर्क रेंज 100 किलोमीटर तक बताई जा रही है।
भारतीय सेना लंबे समय से संचार के ऐसे सुरक्षित तरीके की तलाश में थी जो किसी बाहरी नेटवर्क पर निर्भर न हो। सामर्थ का यह रेडियो सिस्टम सेना की इस जरूरत को पूरा करने के लिए तैयार किया जा रहा है। साइज में छोटा होने के कारण इसे आसानी से साथ लेकर चलाया जा सकता है।
फिलहाल सेना को इस तरह के उपकरणों के लिए विदेशों से आने वाले महंगे सिस्टम पर निर्भर रहना पड़ता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह स्वदेशी रेडियो सिस्टम सैन्य संचार की लागत को करीब 80 फीसदी तक घटाने का लक्ष्य लेकर चल रहा है। इससे रक्षा बजट की बचत होने के साथ-साथ विदेशी उपकरणों पर निर्भरता भी कम हो सकती है।
