जबलपुर की आयुध निर्माणियां आसमान में मंडराते दुश्मन के ड्रोन के खतरे से निपटने के लिए नई तकनीक और स्वदेशी क्षमता का विस्तार कर रही हैं। आर्डनेंस फैक्ट्री खमरिया (ओएफके) और गन कैरिज फैक्ट्री (जीसीएफ) मिलकर ड्रोन एम्युनेशन और एंटी-ड्रोन प्रणालियों पर काम कर रही हैं। ओएफके ड्रोन एम्युनेशन पर कार्य कर रही है, जिसका बाद में एलपीआर में परीक्षण किया जाना है।
जीसीएफ एल-70 एंटी-एयरक्राफ्ट गन का उन्नत संस्करण तैयार कर रही है, जिसके लिए एम्युनेशन की जिम्मेदारी ओएफके को मिली है। बताया जा रहा है कि यह अपग्रेडेड सिस्टम सीमा पर कम ऊंचाई पर उड़ने वाले दुश्मन के ड्रोनों और विमानों को नष्ट करने की क्षमता रखता है।
इसके अलावा ओएफके भारतीय वायुसेना के लिए 250 और 500 किलोग्राम के जीपी बम सहित प्री-फ्रेगमेंटेड एयर बमों का भी स्वदेशी निर्माण कर रही है। इन बमों को आधुनिक विमानों और बड़े ड्रोनों से दागा जा सकता है।
ये प्रयास ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के तहत थलसेना, वायुसेना और नौसेना की जरूरतों के अनुरूप आधुनिक रक्षा उपकरणों के स्वदेशीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण बताए जा रहे हैं। म्यूनिशंस इंडिया लिमिटेड (एमआईएल) की इकाई ओएफके हाई-टेक स्मार्ट एम्युनेशन और ड्रोन-रोधी हथियारों के स्वदेशीकरण पर तेजी से काम कर रही है।
