महाराष्ट्र से भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद रामराव सखाराम वडकुते का 72 वर्ष की आयु में निधन हो गया। दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्हें नई दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान रविवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

वडकुते की गिनती महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र के प्रभावशाली नेताओं में होती थी। वे विशेष रूप से धनगर समुदाय के हितों और उससे जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए पहचाने जाते थे। इसी साल मार्च में भाजपा ने उन्हें महाराष्ट्र से राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया था और अप्रैल में उन्होंने उच्च सदन के सदस्य के रूप में शपथ ली थी।

अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के साथ की थी। वे 2004 से 2019 तक महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य रहे। अपने सार्वजनिक जीवन में उन्होंने महाराष्ट्र राज्य सहकारी दुग्ध महासंघ के अध्यक्ष और अहिल्यादेवी होलकर भेड़ एवं बकरी विकास निगम के अध्यक्ष जैसे कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया।

पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि राज्यसभा सांसद श्री रामराव वडकुटे जी के निधन पर गहरा दुख हुआ। उन्हें समाज में उनके योगदान और गरीबों तथा वंचितों की सेवा पर जोर देने के लिए याद किया जाएगा। महाराष्ट्र में भाजपा को मजबूत करने के उनके प्रयास भी उतने ही उल्लेखनीय थे। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। ॐ शांति। महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके निधन को अत्यंत पीड़ादायक बताया।