उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब समेत पांच राज्यों में अगले साल विधानसभा चुनाव तय समय पर ही होंगे, लेकिन संकेतों के मुताबिक इस बार चुनाव तारीखों का एलान थोड़ा आगे बढ़कर 15 जनवरी के आसपास हो सकता है। मतदान की शुरुआत 22 फरवरी के बाद होने की संभावना है। उत्तर प्रदेश को छोड़कर बाकी राज्यों में एक चरण में चुनाव होने की बात कही जा रही है, जबकि उत्तर प्रदेश में तीन से चार चरणों में चुनाव कराने की तैयारी है। 2022 में इन पांचों राज्यों के चुनाव का एलान आठ जनवरी को हुआ था।
चुनाव आयोग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं, लेकिन अभी उत्तर प्रदेश और गोवा में अधिकारियों का दौरा पूरा नहीं हुआ है। इसे 15 दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयुक्तों का दौरा शुरू होगा, जिसमें करीब एक महीने का समय लगने का अनुमान है। सभी राज्यों में आयोग का दौरा पूरा होने के बाद ही चुनाव का एलान होता है।
चुनाव कार्यक्रम पर काम शुरू हो गया है और इसमें बोर्ड परीक्षाओं के साथ प्रयागराज में लगने वाले माघ मेले को भी ध्यान में रखा जा रहा है। माघ मेला 14 जनवरी से नौ मार्च तक रहेगा, जबकि कल्पवासी माघी पूर्णिमा यानी 20 फरवरी तक ही रहते हैं। यूपी बोर्ड की परीक्षाएं पांच फरवरी से 24 फरवरी तक प्रस्तावित हैं।
आयोग से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, इन पांच राज्यों में मणिपुर में विधानसभा का कार्यकाल सबसे पहले 13 मार्च 2027 को समाप्त हो रहा है, इसलिए इससे पहले चुनाव प्रक्रिया पूरी करनी है। ऐसे में चुनाव 24 फरवरी से आठ मार्च के बीच कराए जा सकते हैं। गौरतलब है कि मणिपुर में विधानसभा का कार्यकाल 13 मार्च 2027 तक, गोवा में 14 मार्च 2027 तक, पंजाब में 16 मार्च 2027 तक, उत्तराखंड में 28 मार्च 2027 तक और उत्तर प्रदेश में 22 मई 2027 तक है।
