संसद के शीतकालीन सत्र की तारीखों का अभी ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक और महिला आरक्षण बिल को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। विपक्षी गठबंधन INDIA की ओर से दावा किया जा रहा है कि सरकार के पास 40 से 50 सांसद कम पड़ रहे हैं, इसलिए पार्टियों को तोड़ने की तैयारी की जा रही है।

शिवसेना यूबीटी नेता संजय राउत ने रविवार को दावा किया कि जरूरी आंकड़ा नहीं जुटा पाने के चलते NDA शीतकालीन सत्र को दांव पर लगा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार परिसीमन बिल किसी भी हालत में पास करना चाहती है और इसके लिए 40-45 सांसदों की कमी को छोटी पार्टियों को खरीदकर या दबाव में लाकर पूरा करने की तैयारी है। राउत ने यह भी आरोप लगाया कि सांसदों को तोड़ने के लिए 150 करोड़ रुपये की रकम तय की गई है और इस काम के लिए महाराष्ट्र सरकार के एक मंत्री को जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने इस दौरान किसी नेता का नाम नहीं लिया।

राउत ने आरोप लगाया कि पार्टी व्हिप तोड़कर वोट करने पर सांसद को अयोग्य नहीं ठहराया जाएगा और इस तरह का ऑफर सांसदों को दिया जा रहा है। इधर, महाराष्ट्र सरकार में मंत्री संजय शिरसाट ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा कि राउत की खासियत झूठ बोलना है। उन्होंने सवाल किया कि 150 करोड़ रुपये देने की बात किसने बताई, उसे सामने लाया जाए।

गौरतलब है कि प्रस्तावित संशोधन के तहत परिसीमन के जरिए लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर अधिकतम 850 करने का प्रस्ताव है, जिसका उद्देश्य 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता साफ करना है। विधेयक को लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत की जरूरत है। सत्ताधारी NDA के पास 320 सदस्य हैं और जरूरी आंकड़ा पार करने के लिए उसे विपक्षी दलों के समर्थन की जरूरत होगी।