नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र की आखिरी बैठक के बाद रिकॉर्ड 100 दिन बीत चुके हैं, लेकिन सत्र का सत्रावसान नहीं किया गया है। संसदीय इतिहास में यह अब तक का सबसे लंबा अंतराल है, जिसने 2008 के 87 दिनों के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। नियमों के अनुसार, जिस सत्र का सत्रावसान नहीं हुआ हो, उसकी बैठक एक सप्ताह से कम नोटिस पर बुलाई जा सकती है, जबकि नया सत्र बुलाने के लिए दो सप्ताह का नोटिस जरूरी होता है। सरकार इस समय का उपयोग परिसीमन बिल पारित कराने के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत जुटाने में कर रही है।

सरकार ने इस बिल को संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की प्रक्रिया से जोड़ा है। दूसरी ओर, कांग्रेस का कहना है कि 2023 के कानून के तहत दिए गए महिला आरक्षण को जनगणना और परिसीमन से अलग रखा जाना चाहिए। कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडी गठबंधन से बाहर रहने वाली डीएमके और आम आदमी पार्टी भी इस मुद्दे पर मोटे तौर पर कांग्रेस से सहमत बताई जा रही हैं।

विपक्ष की चार मांगों में परिसीमन के बाद भी लोकसभा की कुल सीटें 543 बनाए रखना, हर राज्य की मौजूदा सीटें बरकरार रखना, नारी शक्ति वंदन अधिनियम को तुरंत लागू करके 543 सीटों में से 182 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित करना और संविधान संशोधन के जरिए इस व्यवस्था को अगले 25 वर्षों के लिए फ्रीज रखना शामिल है। सूत्रों के अनुसार, सरकार इन मांगों को मान लेती है तो कांग्रेस, डीएमके और आप जरूरी विधेयकों का समर्थन करने को तैयार हैं। वहीं, सरकार चल रही जनगणना 2027 के पूरा होने का इंतजार किए बिना किसी भी जनगणना के आधार पर परिसीमन कराने वाला बिल पारित करना चाहती है।

भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए सरकार के सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि कोई विशेष सत्र नहीं बुलाया जाएगा। तकनीकी रूप से मानसून सत्र का अगला हिस्सा दिसंबर के दूसरे सप्ताह में बैठेगा, जिसमें लगभग एक दर्जन बैठकें होने की संभावना है। सरकार की योजना सत्र के शुरुआती तीन दिनों में ही दोनों विधेयक पेश करने की बताई जा रही है। चूंकि ये विधेयक संविधान संशोधन से जुड़े हैं, इन्हें पारित कराने के लिए लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत चाहिए। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने सरकार पर आरोप लगाया है कि वह महिला आरक्षण की आड़ में अपने राजनीतिक फायदे के लिए निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या और सीमाओं में फेरबदल यानी जेरीमैंडरिंग करना चाहती है।