लखनऊ में करीब सवा साल बाद बृजभूषण शरण सिंह ने गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। दोनों के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत हुई। मुलाकात के अगले दिन सीएम योगी गोंडा पहुंचे, जहां उनके साथ बृजभूषण शरण सिंह के बेटे और सांसद करण भूषण सिंह दिखाई दिए। कार्यक्रम के दौरान गोंडा के सांसद कीर्तिवर्धन सिंह और बहराइच के सांसद आनंद कुमार गौड़ भी मौजूद रहे।

बृजभूषण शरण सिंह ने इस मुलाकात को सीएम योगी की माता जी के निधन पर शोक संवेदना जताने के लिए बताया और कहा कि यह हमारी परंपरा भी रही है। उन्होंने यह भी कहा कि यूपी में कोई माफिया नहीं है और प्रदेश अपराध मुक्त है।

2027 के विधानसभा चुनाव से पहले हुई इस मुलाकात को कई सियासी चर्चाओं से जोड़कर देखा जा रहा है। लोकसभा चुनाव में बृजभूषण शरण सिंह की प्रभाव वाली सीटों को छोड़कर बाकी सभी सीटों पर सपा ने भाजपा को हराया था, इस नजरिए से यूपी चुनाव में उनकी भूमिका अहम मानी जा रही है।

पिछले लोकसभा चुनाव में महिला पहलवानों के विवाद के चलते भाजपा ने बृजभूषण शरण सिंह को टिकट नहीं दिया था और उनके बेटे करण भूषण सिंह को कैसरगंज से टिकट दिया गया था। करण भूषण सिंह मौजूदा समय में सांसद हैं। बृजभूषण शरण सिंह के कई बयानों ने सियासी गलियारे में हलचल बढ़ाई है, जिनमें सीएम योगी, मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव पर दिए गए उनके बयान शामिल हैं।