पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह शनिवार दोपहर करीब तीन बजे हेलीकॉप्टर से वाराणसी के रोहनिया स्थित हेलीपैड पहुंचे। यहां अनंत हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. आलोक शर्मा ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया। हेलीकॉप्टर पहुंचते ही देखने वालों की भारी भीड़ जुट गई और लोगों ने हेलीकॉप्टर के पास फोटो व सेल्फी ली।
इसके बाद सिंह सागरपुर स्थित स्व. महेंद्र चंदेल के घर पहुंचे और उनके परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। यहां से उनका काफिला भदोही के लिए रवाना हुआ। लौटते समय शाम करीब सात बजे वे रोहनिया स्थित आवास पर आयोजित रामचरितमानस के अखंड पाठ में शामिल हुए और प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर डॉ. आलोक शर्मा, उनके पिता एवं भाजपा नेता अनंत देव शर्मा तथा परिवार के सदस्यों की ओर से उन्हें चांदी का मुकुट पहनाकर स्वागत किया गया।
इस दौरान सिंह ने कहा कि सनातन धर्म को लेकर कथाओं में आना-जाना रहता है। उन्होंने कहा कि जो रामकथा, भागवत कथा, राम मंदिर और रामसेतु को गाली देगा, उसका खुद नुकसान होगा। महिला आरक्षण पर उन्होंने कहा कि तीर धनुष पर चढ़ गया है और इसका परिणाम जल्द आएगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं को बराबरी का हक देने का समय आया है और जो महिला आरक्षण का विरोध करेगा, वह उसके गले की फांस बनेगा। हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है और यह बिल पास होकर रहेगा।
सिंह ने कहा कि रामकथा सुनने से फायदा नहीं होगा, बल्कि राम जैसे आचरण से फायदा होगा। रामजी ने सर्व समाज को जोड़ने का काम किया था। उन्होंने कहा कि आज कुछ लोग जातियों को टारगेट करके गाली दे रहे हैं, जो उचित नहीं है और समाज के किसी वर्ग को गाली देना ठीक नहीं। राम ने दलित, वंचित और कमजोर को जोड़ने का काम किया। उन्होंने गठबंधन को बेमेल बताया। इस अवसर पर महापौर अशोक तिवारी, विधायक डॉ. सुनील पटेल, भाजपा नेता सुरेश सिंह, संजय सिंह बबलू, सुजीत सिंह डॉक्टर, पूर्व मंत्री सुरेंद्र पटेल, बहादुर यादव, डॉ. ब्रजेश तिवारी, अमित सिंह, पंकज सिंह डब्लू सहित काफी लोग मौजूद रहे।
