देहरादून में सहारनपुर जिला एवं सत्र न्यायालय में क्लर्क की नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से करीब नौ लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपित ने रकम लेने के बाद पीड़ित को फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया, जिसे न्यायालय के अधिकारियों ने विभाग से जारी नहीं बताया। पीड़ित की शिकायत पर वसंत विहार थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

हरी विहार वसंत विहार निवासी मनोज राठी के मुताबिक वर्ष 2024 में उनकी मुलाकात सहारनपुर निवासी आसिफ अली से हुई थी। आसिफ ने बड़े अधिकारियों और नेताओं से जान-पहचान होने का दावा करते हुए मनोज के भतीजे अंकित राठी को सहारनपुर जिला एवं सत्र न्यायालय में क्लर्क के पद पर नौकरी लगवाने का भरोसा दिया। इसके लिए नौ लाख रुपये की मांग की गई। आरोपित ने 29,340 रुपये मासिक वेतन और 60 वर्ष की उम्र तक नौकरी रहने का भी दावा किया।

पीड़ित के अनुसार 27 मई 2024 को पांच लाख रुपये नकद दिए गए। इसके बाद दो से 16 जून के बीच गूगल पे और आरटीजीएस के जरिए अलग-अलग किस्तों में कुल 3.94 लाख रुपये और दिए गए। इस तरह आरोपित को करीब 8.94 लाख रुपये का भुगतान किया गया। आरोप है कि 28 मई को आसिफ ने अंकित के नाम का नियुक्ति पत्र भी दे दिया, लेकिन भतीजे के न्यायालय पहुंचने पर वह फर्जी निकला।

रकम वापस मांगने पर आरोपित ने सात लाख रुपये का चेक दिया, जो बैंक में बाउंस हो गया। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद आरोपित ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और रुपये लौटाने से इनकार कर दिया। मामले में पीड़ित की ओर से एसएसपी को शिकायत दी गई, जिसके बाद वसंत विहार थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।