झारखंड में ठंड का असर बढ़ रहा है। सुबह और रात के समय कनकनी महसूस हो रही है, जबकि दिन में धूप निकलने से थोड़ी राहत मिल रही है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य में अगले पांच दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इस दौरान सुबह के समय कई इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छा सकता है और दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ हो जाएगा।
मौसम केंद्र के अनुसार, अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इससे सुबह और रात की ठंड से तत्काल राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। पूर्वानुमान के मुताबिक, 29 नवंबर से 1 दिसंबर तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में सुबह हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति बन सकती है। 2 और 3 दिसंबर को भी सुबह के समय कोहरा या कुहासा छाने की संभावना है, जबकि दिन में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है।
मौसम केंद्र ने 29 नवंबर से 10 दिसंबर तक के विस्तारित पूर्वानुमान में राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य या सामान्य से कम रह सकता है। फिलहाल बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। पिछले 48 घंटे के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहा। लातेहार में सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि जगन्नाथपुर-एडब्ल्यूएस में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 26 से 30 डिग्री और न्यूनतम 17 से 21 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। डालटनगंज में अधिकतम 26 से 27 डिग्री और न्यूनतम 12 से 18 डिग्री, जबकि बोकारो में अधिकतम 25 से 27 डिग्री और न्यूनतम 12 से 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 29 नवंबर को रांची का अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रह सकता है, वहीं 30 नवंबर को अधिकतम 24 और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। कुल मिलाकर राज्य में फिलहाल बारिश के आसार नहीं हैं।
