ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-16 स्थित कैबिनोज अपार्टमेंट में करीब 49 लाख रुपये के बकाया बिजली बिल के कारण बुधवार शाम चार बजे बिजली विभाग ने आपूर्ति बंद कर दी। इससे सैकड़ों परिवारों का दैनिक जीवन प्रभावित हुआ है और निवासी जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं।

निवासी एके झा के अनुसार, इससे पहले 12 नवंबर को भी करीब 49 लाख रुपये के बकाये पर आपूर्ति काटी गई थी। तब प्रबंधन की ओर से भुगतान का आश्वासन दिए जाने के बाद करीब चार घंटे में बिजली दोबारा जोड़ दी गई थी। निवासियों को उम्मीद थी कि इस बीच बकाये का समाधान हो जाएगा, लेकिन एक बार फिर बिजली कटने से चिंता बढ़ गई है।

बिजली गुल होने से बच्चों की पढ़ाई से लेकर बुजुर्गों की दिनचर्या तक प्रभावित हो रही है। घरों में बिजली न होने से लोगों को जरूरी काम निपटाने में परेशानी हो रही है, वहीं लिफ्ट और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी निवासी चिंतित हैं।

निवासियों का कहना है कि बिजली बिल का विवाद प्रबंधन और विभाग के बीच का है, लेकिन इसका असर नियमित रूप से रहने वाले परिवारों पर पड़ रहा है। उन्होंने जल्द विवाद सुलझाकर आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।