नवंबर के आखिरी सप्ताह में देश के कई हिस्सों में ठंड बढ़ गई है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में रात का तापमान माइनस में पहुंच गया है, जबकि सात राज्यों में सुबह के समय कोहरा और ठंडी हवाएं चल रही हैं। राजस्थान के शेखावाटी क्षेत्र में लगातार तीसरे दिन न्यूनतम तापमान 5°C से नीचे दर्ज किया गया। सीकर के फतेहपुर में बुधवार को 4.7°C तापमान रहा। बाड़मेर और जैसलमेर को छोड़कर राज्य के सभी शहरों में न्यूनतम तापमान 15°C से नीचे रहा।
मध्य प्रदेश में भी ठंड का असर बढ़ा है। दमोह में बुधवार को न्यूनतम तापमान 7.4°C दर्ज हुआ, जो इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही। भोपाल में पारा 8.2°C पर पहुंच गया, जो 10 साल में नवंबर की तीसरी सबसे ठंडी रात है। बुधवार को भोपाल, राजगढ़ और शाजापुर में सर्द हवाएं चलीं और मौसम विभाग ने गुरुवार को भी इन जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश में हरदोई 9°C के साथ सबसे ठंडा रहा, जबकि मुजफ्फरनगर में 9.2°C और कानपुर में 9.6°C दर्ज किया गया। विभाग ने अगले 4 दिनों तक घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है।
बिहार में सुबह के समय कई इलाकों में कोहरा और धुंध छा रही है। बुधवार को अरवल में 11.5°C न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया, जो प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, पटना में अगले पांच दिनों तक सुबह कोहरा या धुंध रहने की संभावना है। छत्तीसगढ़ के उत्तरी हिस्से में ठंड बढ़ी है, जहां अंबिकापुर 11.4°C के साथ सबसे ठंडा रहा, वहीं दक्षिण छत्तीसगढ़ में रात का तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। जगदलपुर में पारा 20.1°C पहुंच गया, जो सामान्य से 6 डिग्री ज्यादा है।
दिल्ली की हवा बुधवार को लगातार 11वें दिन 'खराब' श्रेणी में रही। 24 घंटे का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 220 दर्ज किया गया। दिल्ली की हवा 15 नवंबर से लगातार 'खराब' श्रेणी में बनी हुई है। CPCB के मुताबिक, 0-50 AQI अच्छा, 51-100 संतोषजनक, 101-200 मध्यम, 201-300 खराब, 301-400 बहुत खराब और 401-500 गंभीर श्रेणी में आता है। दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में बारिश और गरज-चमक का दौर जारी है।
