फरीदाबाद के एनआईटी क्षेत्र में खाद्य एवं औषधि प्रशासन और राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक न्यूट्रिशन सप्लीमेंट की दुकान से एनाबॉलिक स्टेरॉयड और मांसपेशियां बढ़ाने वाले इंजेक्शन सहित 17 प्रकार की एलोपैथिक दवाइयां जब्त की हैं। यह कार्रवाई बुधवार शाम जवाहर कालोनी स्थित फिटनेस एंथम न्यूट्रिशन पर की गई।
अधिकारियों के अनुसार, यह छापामारी मानस पोर्टल पर 25 अगस्त को मिली शिकायत के आधार पर हुई। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि दुकान पर प्रतिबंधित पदार्थों, स्टेरॉयड और मांसपेशियां बढ़ाने के लिए इस्तेमाल होने वाली दवाइयों का भंडारण और बिक्री की जा रही है। जांच के दौरान मौके पर दुकान संचालक मुकुल कौशिक मिले। परिसर में न्यूट्रिशन सप्लीमेंट के साथ टैबलेट और इंजेक्शन के रूप में कई एलोपैथिक दवाइयां मिलीं।
अधिकारियों ने दवाइयों के भंडारण और बिक्री से संबंधित वैध ड्रग लाइसेंस मांगा, लेकिन संचालक उसे प्रस्तुत नहीं कर सका। दवाइयों की खरीद और उनके स्रोत से जुड़े दस्तावेज भी नहीं दिखाए गए। जब्त दवाइयों में ऑक्सीमेथोलोन टैबलेट, टेस्टोस्टेरोन एनन्थेट, टेस्टोस्टेरोन प्रोपियोनेट, टेस्टोस्टेरोन के विभिन्न कॉम्बिनेशन, ड्रास्टानोलोन, बोल्डेनोन, मेथेनोलोन, नैंड्रोलोन और स्टैनोजोलोल सहित कुल 17 प्रकार की दवाइयां शामिल हैं। इनमें कई एनाबॉलिक स्टेरॉयड श्रेणी की हैं, जिनका इस्तेमाल मांसपेशियां और शारीरिक प्रदर्शन क्षमता बढ़ाने के लिए किया जाता है और जिनके इस्तेमाल पर प्रतिबंध है।
सभी दवाइयां जब्त कर ली गई हैं और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में संचालक का लिखित बयान दर्ज किया गया है। विभाग ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अदालत से बृहस्पतिवार को दवाइयों का कस्टडी ऑर्डर ले लिया है। औषधि नियंत्रण अधिकारी संदीप गहलान के अनुसार, बिना वैध औषधि लाइसेंस के एलोपैथिक दवाइयों का भंडारण और बिक्री कानून का उल्लंघन है। मामले में दवाइयों की खरीद के स्रोत, आपूर्ति श्रृंखला और अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की जांच की जा रही है। जिम संचालकों और न्यूट्रिशन सप्लीमेंट विक्रेताओं को चेतावनी दी गई है कि बिना आवश्यक लाइसेंस के ऐसी दवाइयों का भंडारण या बिक्री न करें, अन्यथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
