पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) को नया वाइस चांसलर मिल गया है। डॉ. टंकेश्वर कुमार ने वीरवार को पदभार संभाला। पदभार संभालने के बाद अपनी पहली प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की मानसिक सेहत सुधारने के लिए शिक्षक-छात्र संबंधों को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को विद्यार्थियों के व्यवहार और उनकी समस्याओं को समझने के लिए उनसे संवाद स्थापित करना चाहिए।

डॉ. कुमार ने कहा कि यदि कोई बच्चा नियमित रूप से क्लास में नहीं आ रहा है तो शिक्षक को उससे या उसके अभिभावकों से बातचीत करनी चाहिए, ताकि अनुपस्थिति के कारणों को समझकर समाधान निकाला जा सके। उन्होंने कहा कि बच्चों की मानसिक सेहत के लिए जरूरी है कि शिक्षक उनके साथ सहज और भरोसेमंद संबंध बनाएं। विद्यार्थियों की समस्याओं को नजरअंदाज करने के बजाय उन्हें समझने का प्रयास किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि बच्चे घर में भी अपनी मांगें रखते हैं और कई बार जिद करते हैं। ऐसे में विश्वविद्यालय में भी विद्यार्थियों की मांगों और अपेक्षाओं को समझने का प्रयास किया जाएगा। विद्यार्थियों के साथ संवाद के माध्यम से उनकी समस्याओं का समाधान निकालना प्राथमिकता रहेगी।

डॉ. कुमार ने कहा कि पंजाब यूनिवर्सिटी के दीक्षा समारोह से पहले सीनेट के गठन का प्रयास किया जाएगा। विश्वविद्यालय की प्रशासनिक व्यवस्था और विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने क्यूएस रैंकिंग में विश्वविद्यालय की स्थिति सुधारने पर भी काम करने की बात कही। इसके लिए शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध और अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं को मजबूत करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।