पंचकूला में शुक्रवार से इलेक्ट्रिक हॉप-ऑन हॉप-ऑफ बस सेवा शुरू हो रही है। इस सेवा के जरिए श्रद्धालु और पर्यटक मात्र 110 रुपये के टिकट पर पूरे दिन चार प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों की यात्रा कर सकेंगे। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 27 नवंबर को सुबह 10 बजे श्री माता मनसा देवी मंदिर परिसर स्थित संस्कृत गुरुकुल से इस सेवा का शुभारंभ करेंगे और इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

इस सेवा के तहत दो इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी, जिनका निर्धारित रूट करीब 28 से 29 किलोमीटर का होगा। रूट में श्री माता मनसा देवी मंदिर, बस स्टैंड, चंडी मंदिर, पिंजौर गार्डन और कालका स्थित काली माता मंदिर को जोड़ा जाएगा। प्रत्येक बस प्रतिदिन छह राउंड ट्रिप लगाएगी और यात्री निर्धारित टिकट लेकर दिनभर इस सेवा का इस्तेमाल कर सकेंगे।

बसों की समय-सारिणी धार्मिक स्थलों पर होने वाली आरती के समय को ध्यान में रखकर तैयार की गई है, ताकि श्रद्धालु दर्शन के साथ आरती में भी शामिल हो सकें। इस यात्रा में पिंजौर गार्डन घूमने का विकल्प भी शामिल है। यह सेवा सप्ताहांत, नवरात्र और धार्मिक अवसरों पर पंचकूला व आसपास के क्षेत्रों में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए उपयोगी साबित हो सकती है। चंडीगढ़, मोहाली, जीरकपुर और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले लोग भी एक ही दिन में इन प्रमुख स्थलों की यात्रा की योजना बना सकेंगे।

हरियाणा रोडवेज पंचकूला के महाप्रबंधक सुखदेव सिंह के अनुसार, इससे पंचकूला के धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को सार्वजनिक परिवहन से जोड़ने में मदद मिलेगी। इस सेवा से न केवल बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुविधा मिलेगी, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए भी परिवार के साथ एक दिन में शहर के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों की सैर करना आसान होगा।