देश में 21 नवंबर से 15 दिसंबर 2026 तक चलने वाले विवाह सीजन में लगभग 52 लाख शादियां होने और करीब ₹7.50 लाख करोड़ का कारोबार होने का अनुमान है। कन्फेडरेशन ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने गुरुवार को जारी अपनी रिपोर्ट में यह अनुमान जताया है। कैट के अनुसार, यह आंकड़े उसकी शोध इकाई कैट रिसर्च एंड ट्रेड डेवलपमेंट सोसाइटी ने तैयार किए हैं, जिसके लिए 25 राज्यों के प्रमुख थोक एवं खुदरा बाजारों में 300 से अधिक व्यापारिक नेताओं और 550 व्यापारिक संगठनों से विचार-विमर्श तथा राष्ट्रव्यापी सर्वेक्षण किया गया।
कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल के अनुसार, अनुमानित कारोबार का यह आकार दर्शाता है कि विवाह परंपराएं एक सशक्त आर्थिक तंत्र बन चुकी हैं। हर शादी से आभूषण, परिधान, मिठाई, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक्स के साथ कैटरिंग, होटल, परिवहन, सजावट, फोटोग्राफी और इवेंट मैनेजमेंट जैसी सेवाओं में मांग पैदा होती है। रिपोर्ट के मुताबिक कुल कारोबार में करीब ₹4.05 लाख करोड़ यानी 54 प्रतिशत हिस्सा वस्तुओं एवं खुदरा व्यापार का और ₹3.45 लाख करोड़ यानी 46 प्रतिशत सेवाओं का रहेगा। इसमें आभूषण एवं बहुमूल्य धातुओं से ₹1.20 लाख करोड़, परिधान एवं वस्त्र से ₹90,000 करोड़ और कैटरिंग एवं खानपान से ₹75,000 करोड़ का कारोबार शामिल है।
दिल्ली-एनसीआर में लगभग 5 लाख शादियां होने और करीब ₹2.50 लाख करोड़ का कारोबार होने का अनुमान है। चांदनी चौक, खारी बावली, नया बाजार, सदर बाजार, करोल बाग और कनॉट प्लेस समेत कई बाजारों में विवाह संबंधी खरीदारी बढ़ने की उम्मीद है। कैट के आंकड़ों के मुताबिक 2022 में 32 लाख शादियों से ₹3.75 लाख करोड़, 2023 में 38 लाख शादियों से ₹4.74 लाख करोड़, 2024 में 48 लाख शादियों से ₹5.90 लाख करोड़ और 2025 में 46 लाख शादियों से ₹6.50 लाख करोड़ का कारोबार हुआ। 15 दिसंबर के बाद एक महीने का मलमास शुरू होगा, जिसमें शुभ कार्य प्राय: नहीं होते।