वियतनाम की इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी विनफास्ट ने अपनी इलेक्ट्रिक SUV VF 6 का अपडेटेड मॉडल लॉन्च किया है। नए मॉडल में एक्सटीरियर से लेकर केबिन तक कई बदलाव किए गए हैं। इसमें नया फ्रंट लुक, अपडेटेड बंपर, नए अलॉय व्हील्स और रीडिजाइन किया गया डैशबोर्ड दिया गया है। कंपनी ने इसे वियतनाम में लॉन्च किया है और इसे जल्द ही भारतीय बाजार में भी लाया जा सकता है।
केबिन में नया पतला डैशबोर्ड, टू-स्पोक स्टीयरिंग व्हील और फ्लोटिंग डिजाइन वाला इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है। वायरलेस चार्जिंग पैड को अब सेंटर आर्मरेस्ट के ज्यादा करीब रखा गया है। Comfort वेरिएंट में 10-इंच की टचस्क्रीन मिलती है, जबकि Premium वेरिएंट में 12.9-इंच का इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है। अपडेटेड मॉडल में डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर भी जोड़ा गया है, जो पिछले मॉडल में नहीं था। SUV में छह एयरबैग, फ्रंट पार्किंग सेंसर, 360-डिग्री कैमरा और ADAS पैकेज जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं।
अपडेटेड VF 6 में अब 60kWh का बैटरी पैक दिया गया है, जो पुराने मॉडल के 59.6kWh बैटरी पैक की जगह लेता है। इसमें सिंगल इलेक्ट्रिक मोटर मिलती है, जो करीब 174bhp की पावर और 250Nm का टॉर्क जनरेट करती है। कंपनी ने दोनों वेरिएंट में मोटर का आउटपुट समान रखा है। Comfort वेरिएंट एक बार फुल चार्ज होने पर 510 किमी तक की रेंज देने का दावा करता है, जबकि Premium वेरिएंट की क्लेम्ड रेंज 480 किमी है। ये आंकड़े NEDC साइकिल के अनुसार हैं।
वियतनाम में अपडेटेड VF 6 को Comfort और Premium दो वेरिएंट में पेश किया गया है। Comfort वेरिएंट की कीमत 646 मिलियन वियतनामी डोंग रखी गई है, जो भारतीय मुद्रा में करीब 23.44 लाख रुपये के बराबर है। Premium वेरिएंट की कीमत 715 मिलियन वियतनामी डोंग है, जो लगभग 25.96 लाख रुपये होती है। इसकी डिलीवरी 2027 में शुरू होने की उम्मीद है।
