पंचकूला में साइबर ठगों ने शेयर ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का लालच देकर भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के एक इंस्पेक्टर से 15.64 लाख रुपये की ठगी की है। चंडीगढ़ के सेक्टर-30बी निवासी 59 वर्षीय पूरन चंद की शिकायत पर पंचकूला साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के अनुसार, पूरन चंद आईटीबीपी भानू में तैनात हैं। 15 जुलाई 2026 को कार्यालय में मोबाइल देखते समय उन्हें फेसबुक पर अपस्टाक्स सिक्योरिटी लिमिटेड की शेयर ट्रेडिंग से जुड़ा एक विज्ञापन दिखाई दिया, जिसमें मोटा मुनाफा कमाने का दावा किया गया था। लिंक पर क्लिक करने पर उन्हें एक वाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया गया, जहां रवि कुमार नाम का व्यक्ति लोगों को निवेश के लिए गाइड कर रहा था। इसके बाद रिया कपूर नाम की महिला ने संपर्क कर खुद को शेयर ट्रेडिंग एक्सपर्ट बताया और लिंक भेजकर एक एप डाउनलोड करवाई। एप में शेयर ट्रेडिंग और निवेश से संबंधित जानकारी के साथ मुनाफा भी दिखाया जाने लगा।

पीड़ित के अनुसार, शुरुआत में 27 अगस्त को 50 हजार और तीन लाख रुपये जमा करवाए गए। इसके बाद अलग-अलग तारीखों में कई बैंक खातों में करीब 15,64,527 रुपये ट्रांसफर करवाए गए। जब उन्होंने रकम निकालने की बात कही तो ठगों ने मुनाफे पर कमीशन और इनकम टैक्स के नाम पर अतिरिक्त भुगतान मांगा और सिक्योरिटी जमा करवाने के नाम पर तीन लाख रुपये और मांग लिए।

ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने एक नवंबर को साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।