डिलिमिटेशन बिल को लेकर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को मीडिया से बात करते हुए विपक्षी दलों से सवाल किया कि आखिर समाधान क्या है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कल तक केरल के सांसद थे और अब प्रियंका गांधी केरल की प्रतिनिधि हैं। इसके अलावा तीन अन्य राज्यों में कांग्रेस सत्ता में है और तमिलनाडु में वह विजय की सरकार को समर्थन दे रहे हैं। नायडू ने कहा कि अगर ताजा जनगणना के मुताबिक परिसीमन होगा तो दक्षिण के राज्यों को कुछ नहीं मिलेगा और इस आधार पर दक्षिणी राज्य अपनी आवाज खो देंगे।

तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) ने निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन के साथ-साथ महिला आरक्षण विधेयक लाने के केंद्र सरकार के फैसले को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है। नायडू ने कहा कि सबसे बेहतर रास्ता यही है कि सीटों में 50 फीसदी का इजाफा हो और महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण हो। उन्होंने इसे सभी के लिए विन-विन सिचुएशन बताया और कहा कि हर कोई संतुष्ट होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने बहुत ही असाधारण चीज की है और यह देश के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर देश को जीतना है तो महिलाओं का सम्मान करना होगा।

उल्लेखनीय है कि एनडीए के प्रमुख घटक दल तेदेपा के संसद के दोनों सदनों में कुल 18 सांसद हैं, जिनमें लोकसभा के 16 और राज्यसभा के दो सदस्य शामिल हैं। केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित संशोधित परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक को पारित कराने के उद्देश्य से लोकसभा और राज्यसभा की एक दिवसीय विशेष बैठक बुलाई गई है। इस बैठक के दौरान सरकार की ओर से संवैधानिक संशोधन विधेयक पेश किए जाने की संभावना है, जिसमें वर्ष 2051 तक राज्यों के संसदीय प्रतिनिधित्व के मौजूदा अनुपात को बरकरार रखते हुए लोकसभा सीटों में एकसमान 50 प्रतिशत की वृद्धि का प्रस्ताव रखा गया है।

संसद की विशेष बैठक से पहले नायडू शुक्रवार को दिल्ली पहुंचे। यह यात्रा 30 नवंबर से बुलाई गई संसद की विशेष बैठक से ठीक पहले हुई है। यह ऐसे संकेतों के बीच हो रही है कि सरकार महिला आरक्षण के कार्यान्वयन और परिसीमन से जुड़े संवैधानिक संशोधन विधेयक को फिर से पेश कर सकती है।