छत्तीसगढ़ में शराब दुकानों के मैनपावर घोटाले से जुड़े मामले में शुक्रवार को ईडी ने रायपुर, दुर्ग और धमतरी में एक साथ तलाशी ली। रायपुर के जोरा स्थित पार्क शिरीन कालोनी में जेल एवं होमगार्ड विभाग के वित्त सहायक राजेंद्र सिंह के ठिकाने पर टीम ने दोपहर तक दस्तावेज खंगाले। वहीं धमतरी में अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन सिंह देवहारी के निवास पर ईडी की टीम सुबह छह बजे पहुंची और करीब 14 घंटे तक जांच की। देर शाम तक चली कार्रवाई के बाद टीम अपने साथ कई दस्तावेज और अहम जानकारियां ले गई।
जानकारी के अनुसार, अपर कलेक्टर इंदिरा देवहारी के पति नवीन प्रताप सिंह तोमर आबकारी विभाग के पूर्व डिप्टी कमिश्नर हैं। उन्हें फरवरी 2026 में शराब घोटाले से जुड़े 182 करोड़ के ओवरटाइम अनियमितता मामले में ईओडब्ल्यू और एसीबी ने गिरफ्तार किया था। फिलहाल वे जमानत पर हैं।
रायपुर में वित्त सहायक राजेंद्र सिंह के आवास पर भी टीम ने दस्तावेजों की जांच की। मूलत: अंबिकापुर के सत्तीपारा क्षेत्र के रहने वाले राजेंद्र के भाई लोक निर्माण विभाग में इंजीनियर हैं।
कार्रवाई के पीछे वित्तीय लेन-देन और संपत्ति से संबंधित पहलुओं की जांच को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
