चीन के अंतरिक्ष स्टेशन पर पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री मोहम्मद ज़ीशान अली के लिए हलाल व्यंजनों का विशेष इंतजाम किया गया है। रिपोर्टों के अनुसार, रात्रिभोज में निहारी, मटन कोरमा और छोले की सब्जी समेत 100 से अधिक हलाल डिश परोसी जाएंगी। शेनझोउ-24 मिशन के तहत ज़ीशान अली तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन पर लगभग एक हफ्ता बिताएंगे और इस दौरान कई वैज्ञानिक प्रयोगों में हिस्सा लेंगे।

शेनझोउ-24 अंतरिक्ष मिशन बुधवार को जिउछुआन सैटेलाइट लॉन्च सेंटर से रवाना हुआ और चीन के अंतरिक्ष स्टेशन से जुड़ गया। इसके बाद चालक दल ने स्टेशन में प्रवेश किया। मिशन में मिशन कमांडर तांग होंगबो, फ्लाइट इंजीनियर वू यी और पाकिस्तानी पायलट मोहम्मद ज़ीशान अली पेलोड स्पेशलिस्ट के तौर पर शामिल हैं। ज़ीशान अली अंतरिक्ष में जाने वाले पहले पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री हैं।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में बताया गया कि अंतरिक्ष स्टेशन पर छह लोगों के लिए रात्रिभोज का इंतजाम किया जा रहा है, जिसमें पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री के लिए खास तौर पर चुने गए 100 से ज्यादा तरह के हलाल डिश भी परोसे जाएंगे। पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री की खानपान संबंधी पसंद को ध्यान में रखते हुए यह इंतजाम किया गया है। चीन के अंतरिक्ष कार्यक्रम से जुड़े विभाग ने चीनी और अंग्रेजी, दोनों भाषाओं में कामकाज से जुड़े निर्देश भी तैयार किए हैं।

इस खबर के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई है। कुछ यूजर्स ने इसे चीन और पाकिस्तान के करीबी रिश्तों का प्रतीक बताया, जबकि कई लोगों ने पारंपरिक पकवानों के अंतरिक्ष तक पहुंचने पर दिलचस्प टिप्पणियां कीं। कुछ यूजर्स ने मेन्यू में बिरयानी को जगह न मिलने पर निराशा भी जताई। गौरतलब है कि भारत में भी इस घटनाक्रम को प्रमुखता से जगह दी गई है और सोशल मीडिया पर इस पर चर्चा जारी है।