अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से यूरोप के खिलाफ सभी सैन्य आक्रामकता खत्म करने के लिए कहा है। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर बताया कि उन्होंने पिछले हफ्ते चीन में मुलाकात के दौरान पुतिन से यह बात कही थी।

ट्रंप ने उम्मीद जताई कि रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध खत्म करने के लिए जल्द कोई समझौता हो सकेगा। उन्होंने कहा कि युद्ध का शांतिपूर्ण समाधान जल्द से जल्द निकाला जाना चाहिए। ट्रंप ने यह भी कहा कि उन्होंने पुतिन के साथ इस बात पर विस्तार से चर्चा की कि रूस और यूक्रेन के लिए ऐसी किसी कदम से बचना कितना जरूरी है, जिससे जानबूझकर या अनजाने में युद्ध का दायरा बढ़े। हालांकि, ट्रंप ने यह साफ नहीं किया कि पुतिन से बातचीत के दौरान उन्होंने किन इलाकों का जिक्र किया था और क्या इसमें यूक्रेन भी शामिल है।

ट्रंप का यह बयान पिछले हफ्ते चीन के शेनजेन में पुतिन से हुई मुलाकात के दौरान दिखे रुख से अलग है, जब उन्होंने पुतिन को अपना दोस्त बताया था। उस मुलाकात ने यूक्रेन और दूसरे यूरोपीय देशों की चिंता बढ़ा दी थी। ट्रंप की ताजा सोशल मीडिया पोस्ट नाटो प्रमुख मार्क रूटे से फ्लोरिडा में हुई मुलाकात के एक दिन बाद आई है।

इस बीच यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा है कि रूस आने वाले दिनों में यूक्रेन पर बड़े हमले की तैयारी कर रहा है। गुरुवार रात अपने वीडियो संदेश में जेलेंस्की ने कहा कि उनके पास जानकारी है कि रूस एक और बड़े हमले की तैयारी कर रहा है और लोगों से मिसाइल हमलों के सायरन पर ध्यान देने की अपील की। गुरुवार को रूस के दक्षिणी क्रास्नोडार क्षेत्र में एक तेल रिफाइनरी पर हमला हुआ, जिसके बाद भीषण आग लग गई। यूक्रेन ने हाल के महीनों में रूसी तेल रिफाइनरियों पर ड्रोन हमले तेज कर दिए हैं।