पाकिस्तान के पहले एस्ट्रोनॉट मोहम्मद ज़ीशान अली चीनी मिशन शेनझोउ-24 के साथ तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन पहुंच गए हैं। बुधवार को जियुक्वान सैटेलाइट लॉन्च सेंटर से रवाना हुआ यह मिशन करीब साढ़े तीन घंटे की यात्रा के बाद सुबह लगभग 8.56 बजे अंतरिक्ष स्टेशन से जुड़ गया। इसके बाद चालक दल ने स्टेशन में प्रवेश किया, जहां पहले से मौजूद शेनझोउ-23 के चालक दल ने उनका स्वागत किया। पाकिस्तान के अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन 'सुपार्को' के मुताबिक़, इस मौके पर अंतरिक्ष यात्रियों की तस्वीरें भी जारी की गईं।

शेनझोउ-24 मिशन में तीन अंतरिक्ष यात्री भेजे गए हैं। इनमें तांग होंगबो मिशन कमांडर, वू यी फ़्लाइट इंजीनियर और पाकिस्तान के पायलट मुहम्मद ज़ीशान अली पेलोड विशेषज्ञ के तौर पर शामिल हैं। चीनी मीडिया के मुताबिक़, शेनझोउ-23 के अंतरिक्ष यात्रियों ने ज़ीशान अली को संबोधित करते हुए कहा कि वह किसी चीनी अंतरिक्ष मिशन में शामिल होने वाले पहले विदेशी एस्ट्रोनॉट बन गए हैं। स्वागत समारोह में ज़ीशान अली ने कहा कि अंतरिक्ष में जाने और चीनी अंतरिक्ष स्टेशन में दाख़िल होने वाले पाकिस्तान के पहले एस्ट्रोनॉट बनकर उन्हें बेहद ख़ुशी हुई है। उन्होंने पाकिस्तान के राष्ट्रीय कवि अल्लामा इक़बाल की एक कविता भी सुनाई और उसका चीनी अनुवाद भी पेश किया।

चीनी अंतरिक्ष कार्यक्रम के संबंधित विभाग ने ज़ीशान अली को ध्यान में रखते हुए चीनी और अंग्रेज़ी दोनों भाषाओं में कामकाज से जुड़े निर्देश तैयार किए हैं। उनकी खान-पान संबंधी पसंद को देखते हुए हलाल अंतरिक्ष भोजन का इंतज़ाम भी किया गया है। चीनी मीडिया के मुताबिक़, उन्होंने कम समय में चीनी भाषा सीख ली है।

ज़ीशान अली तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन पर करीब एक सप्ताह बिताएंगे और इस दौरान वैज्ञानिक प्रयोगों और शोध गतिविधियों में हिस्सा लेंगे। पेलोड विशेषज्ञ के तौर पर वह सूक्ष्म शैवाल की वृद्धि और क्विनोआ के बीजों पर अंतरिक्ष के वातावरण के प्रभावों का अध्ययन करेंगे। चीनी मीडिया की कुछ रिपोर्टों के मुताबिक़, वापसी के दौरान वह शेनझोउ-23 के चालक दल के साथ लौटेंगे।