नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच क्राइस्टचर्च में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में कमेंट्री कर रहे न्यूजीलैंड के पूर्व ऑलराउंडर क्रिस हैरिस ने 2028 लॉस एंजिल्स ओलिंपिक में क्रिकेट को शामिल किए जाने का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि क्रिकेट को वैश्विक मंच पर पहुंचाने का हर अवसर खेल के लिए फायदेमंद है। हैरिस ने कहा कि उनके लिए फिलहाल विश्व कप जीतना पहली प्राथमिकता होगी, जबकि ओलिंपिक स्वर्ण पदक दूसरे स्थान पर रहेगा।
अभिषेक त्रिपाठी से विशेष बातचीत में हैरिस ने कहा कि ऑलराउंडरों के लिए स्थिति उतनी खराब नहीं है, जितनी गेंदबाजों के लिए है। आधुनिक बल्लेबाज बहुत आक्रामक होते हैं, जिससे विकेट लेने के अवसर बनते हैं, लेकिन एक बार कोई बल्लेबाज क्रीज पर जम जाए तो उसे रोकना बेहद मुश्किल हो जाता है। उन्होंने कहा कि टेस्ट क्रिकेट में असली ऑलराउंडर बहुत कम सामने आ रहे हैं और बेन स्टोक्स शायद आखिरी बड़े ऑलराउंडर रहे हैं। उनके मुताबिक, अब टीमों के पास मुख्य रूप से पांच बल्लेबाज और गेंदबाज होते हैं, और हर विभाग में विशेषज्ञ खिलाड़ी नजर आ रहे हैं।
पिचों के बारे में हैरिस ने कहा कि आधुनिक तकनीक के कारण पिचें बेहतर हो गई हैं और अब वे लंबे समय तक एक जैसी बनी रहती हैं। पहले पर्थ में तेज और उछाल वाली पिच मिलती थी और सिडनी में स्पिन गेंदबाजों को मदद मिलती थी, लेकिन अब पिच तैयार करने वाले जानते हैं कि उसमें कितनी नमी होनी चाहिए और किस तरह की मिट्टी सबसे अच्छी रहेगी। उन्होंने कहा कि अगर दो अच्छी टीमें आमने-सामने हों तो मुकाबला शानदार हो सकता है, और क्राइस्टचर्च में भी रोमांचक टेस्ट मैच देखने को मिलेगा।
हैरिस ने कहा कि भारी पैसे और आर्थिक आजादी ने खिलाड़ियों को अपने करियर के बारे में अलग तरीके से सोचने का मौका दिया है। उनके दौर में क्रिकेट से अच्छी कमाई करने और इसे पेशा बनाने के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलना जरूरी था, लेकिन अब ऐसा नहीं है। इसी वजह से आज बहुत सारे आक्रामक खिलाड़ी देखने को मिल रहे हैं और टी-20 के कारण वनडे तथा टेस्ट क्रिकेट में भी रन बनाने की गति बढ़ी है।
