अबु धाबी के शेख जायेद स्टेडियम में इंटरनेशनल लीग टी20 का रोमांचक मुकाबला एमआई एमिरेट्स और डेजर्ट वाइपर्स के बीच खेला गया, जिसे एमआई एमिरेट्स ने सुपर ओवर में अपने नाम किया। पहले बैटिंग करते हुए एमआई एमिरेट्स ने 4 विकेट पर 186 रन बनाए। जवाब में डेजर्ट वाइपर्स को आखिरी दो गेंद पर जीत के लिए 11 रन चाहिए थे। खुजैमा तनवीर ने छक्का और चौका मारकर मैच को सुपर ओवर में पहुंचा दिया।

सुपर ओवर में डेजर्ट वाइपर्स ने पहले बल्लेबाजी की और क्रिस जॉर्डन के खिलाफ टीम 8 रन के टारगेट के सामने सिर्फ 7 रन ही बना पाई। एमआई के लिए कीरोन पोलार्ड और शेरफेन रदरफोर्ड बैटिंग करने आए। खुजैमा तनवीर ने पहली 5 गेंदों पर सिर्फ तीन रन दिए और रदरफोर्ड का विकेट भी लिया। आखिरी गेंद पर निकोलस पूरन क्रीज पर उतरे, जब टीम को जीत के लिए 5 रन चाहिए थे। उन्होंने डीप मिडविकेट पर छक्का मारकर एमआई एमिरेट्स को जीत दिला दी।

एमआई एमिरेट्स के लिए सलामी बल्लेबाज कुसल परेरा और निकोलस पूरन ने फिफ्टी ठोकी। परेरा ने 45 गेंदों पर 8 चौके और 3 छक्कों की मदद से 75 रन बनाए, जबकि पूरन ने 57 गेंदों पर 3 चौके और 8 छक्कों के साथ 89 रन की पारी खेली। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 62 गेंद पर 103 रनों की साझेदारी हुई। इसके अलावा टीम का कोई बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाया।

शादाब खान की कप्तानी वाली डेजर्ट वाइपर्स के लिए बाबर आजम 13 गेंदों पर 11 रन बनाकर आउट हुए। फखर जमान ने 29 गेंदों पर 42 रनों की तेज पारी खेली, जबकि एंड्रिस गौस ने 35 और शिमरोन हेटमायर ने 25 रन बनाए। आखिरी ओवर में टीम को जीत के लिए 20 रन चाहिए थे, लेकिन खुजैमा और मुजीर उर रहमान ने जहूर खान के खिलाफ 19 रन बनाकर मैच को सुपर ओवर में पहुंचा दिया। एमआई के लिए राशिद खान और क्रिस जॉर्डन ने 3-3 विकेट लिए।