इंटरनेशनल लीग टी20 (ILT20) 2026 में शनिवार को एमआई अमीरात्स और डिजर्ट वाइपर्स के बीच खेला गया मुकाबला सुपर ओवर तक पहुंचा, जहां निकोलस पूरन ने आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर एमआई अमीरात्स को जीत दिला दी।

पहले बल्लेबाजी करते हुए एमआई अमीरात्स ने कुसल परेरा और निकोलस पूरन के अर्धशतकों की बदौलत चार विकेट पर 186 रन बनाए। परेरा ने 45 गेंदों में आठ चौकों और तीन छक्कों की मदद से 76 रन बनाए, जबकि पूरन ने 57 गेंदों में तीन चौकों और आठ छक्कों के सहारे 89 रन की नाबाद पारी खेली।

जवाब में डिजर्ट वाइपर्स की ओर से किसी बल्लेबाज ने अर्धशतक नहीं लगाया। सबसे बड़ी पारी फखर जमान ने 42 रन की खेली। आखिरी दो गेंदों पर 11 रन की जरूरत थी, जहूर खान की गेंद पर खुजाइमा तनवीर ने पहले छक्का और फिर आखिरी गेंद पर चौका लगाकर मैच टाई करा दिया। तनवीर ने 5 गेंदों में 14 रन बनाए। वाइपर्स ने आठ विकेट पर 186 रन बनाए।

सुपर ओवर में पहले बल्लेबाजी करते हुए वाइपर्स ने एमआई के लिए 8 रन का लक्ष्य रखा। क्रिस जॉर्डन ने दूसरी गेंद पर शिमरोन हेटमायर को आउट किया, जबकि टॉम करन ने छठी गेंद पर चौका लगाया। जवाब में तनवीर ने शुरुआती चार गेंदों में सिर्फ तीन रन दिए और पांचवीं गेंद पर शेरफेन रदरफोर्ड को आउट कर दिया। आखिरी गेंद पर एमआई को जीत के लिए पांच रन चाहिए थे, तनवीर की फुलटॉस गेंद पर पूरन ने डीप-मिडविकेट पर छक्का लगाकर टीम को जीत दिला दी।