चुनार रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को यात्रियों को रेलवे की डिजिटल सेवाओं से जोड़ने के उद्देश्य से रेल वन (RailOne) ऐप के बारे में जानकारी दी गई। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरिमोहन के मार्गदर्शन में वाणिज्य विभाग की टीम ने यात्रियों को ऐप की उपयोगिता और इसके जरिये मिलने वाली सुविधाओं से अवगत कराया। टीम में सीएमआई एसके अकेला समेत अन्य कर्मचारी शामिल रहे।

रेल कर्मचारियों ने यात्रियों को ऐप डाउनलोड करने, पंजीकरण करने तथा टिकट बुकिंग सहित अन्य सुविधाओं के इस्तेमाल की प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी दी। बताया गया कि ऐप के माध्यम से अनारक्षित टिकट के लिए डिजिटल भुगतान करने पर तीन प्रतिशत की छूट मिलती है। ऐप पर ट्रेन की रियल टाइम स्थिति, कोच पोजीशन और पीएनआर से जुड़ी जानकारी, आरक्षित एवं अनारक्षित टिकटों की बुकिंग और रद्दीकरण, ई-कैटरिंग के जरिये भोजन की ऑनलाइन बुकिंग तथा शिकायत और सुझाव दर्ज करने की सुविधा उपलब्ध है।

यात्रियों को टिकट काउंटर से आरक्षित और अनारक्षित टिकट लेते समय डिजिटल भुगतान माध्यमों का अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया। उन्हें यूपीआई, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग से भुगतान करने के लाभ बताए गए। कर्मचारियों के अनुसार डिजिटल भुगतान से टिकट खरीदने की प्रक्रिया अधिक सरल, सुविधाजनक और पारदर्शी होती है।

उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने कहा कि यात्री रेल वन ऐप पर अपलोड रेल यात्रा से संबंधित डिजिटल सुविधाओं का अधिकाधिक उपयोग करें तथा टिकट और अन्य सेवाओं के लिए सुरक्षित एवं सुविधाजनक डिजिटल माध्यमों को अपनाएं।