लैंबॉर्गिनी ने अपनी हाइब्रिड सुपरकार टेमेरारियो के ओपन-टॉप वर्जन टेमेरारियो स्पाइडर को पेश किया है। इसमें कूप मॉडल वाला 907hp का हाइब्रिड पावरट्रेन बरकरार रखा गया है और पहली बार पूरी तरह इलेक्ट्रिक रिट्रैक्टेबल हार्डटॉप दिया गया है, जो 10 इलेक्ट्रिक एक्चुएटर्स से काम करता है और सीटों के पीछे वर्टिकली मुड़ता है। कंपनी के मुताबिक रूफ खुलने पर सेंटर ऑफ ग्रैविटी 3mm नीचे होती है।

हुराकान EVO स्पाइडर के मुकाबले इसके केबिन में 46mm ज्यादा लेगरूम, 22mm ज्यादा हेडरूम और 9mm ज्यादा शोल्डर व एल्बो रूम मिलता है। फीचर्स में थ्री-लेवल सीट नेक वॉर्मर और 112 लीटर का फ्रंट लगेज कंपार्टमेंट शामिल है। कार ऑल-एल्युमिनियम स्पेसफ्रेम पर बनी है और कंपनी का दावा है कि अपडेटेड सस्पेंशन ट्यूनिंग से खराब रास्तों पर सेकंडरी वाइब्रेशन 20% कम होते हैं। हुराकान स्पाइडर की तुलना में स्टैटिक टॉर्शनल रिजिटिडी में 6%, डायनामिक बेंडिंग स्टिफनेस में 9% और डायनामिक टॉर्शनल रिजिडिटी में 6% की बढ़ोतरी का दावा किया गया है, जबकि स्ट्रक्चरल कंपोनेंट्स की संख्या 50% और हीट-इनपुट वेल्ड्स 80% कम किए गए हैं।

कार में 4.0 लीटर ट्विन-टर्बो V8 इंजन के साथ तीन इलेक्ट्रिक मोटर दी गई हैं। हाइब्रिड पावरट्रेन से कुल 920hp और 800nm टॉर्क जनरेट होता है, जबकि V8 इंजन अकेले 800hp बनाता है। इंजन 10,000rpm तक जाता है और लॉन्च कंट्रोल चालू होने पर यह 10,250rpm तक पहुंचता है। कंपनी का दावा है कि कार 0 से 100kmph की रफ्तार 7.3 सेकंड में पकड़ती है और इसकी टॉप-स्पीड 343kmph है।

कार में Citta, Strada, Sport, Corsa और Corsa ESC off समेत पांच ड्राइविंग मोड दिए गए हैं, जिनके साथ Recharge, Hybrid और Performance स्ट्रैटेजी भी हैं। इसमें थ्री-लेवल ड्रिफ्ट मोड भी मिलता है और Citta मोड में कार सिर्फ इलेक्ट्रिक पावर से चलती है तथा 190hp तक देती है। लैंबॉर्गिनी ने टेमेरारियो स्पाइडर के लिए भारत में कीमत या उपलब्धता की घोषणा नहीं की है।