जनगणना 2027 की स्वगणना प्रक्रिया 16 नवंबर से शुरू हुई है। संभल जिले में दूसरे दिन शाम छह बजे तक 4,732 परिवारों ने डिजिटल फॉर्म भर दिए। पहले दिन वेबसाइट और पोर्टल ठीक से काम नहीं करने से लोगों को परेशानी हुई थी, लेकिन अगले दिन स्थिति सामान्य हो गई।
स्वगणना के दौरान पोर्टल पर पहले प्रदेश और भाषा का चयन करना होता है, फिर मोबाइल नंबर दर्ज करना होता है। पहले चरण की जनगणना का मोबाइल नंबर हो तो उसी का उपयोग करना है, अन्यथा दूसरे नंबर का। इसके बाद मकान की मैपिंग कर परिवार से जुड़े 40 सवालों के जवाब दर्ज करने होते हैं। प्रक्रिया पूरी होने पर विशिष्ट आईडी जारी होती है। शुरुआत में गूगल मैप से मकान की लोकेशन चुनने और प्रक्रिया समझने में कुछ लोगों को समय लग रहा है, लेकिन सवालों के जवाब देने में विशेष परेशानी सामने नहीं आई है।
जिला प्रशासन के अनुसार, जो लोग निरक्षर हैं या मोबाइल और इंटरनेट का इस्तेमाल नहीं कर पाते, उनके लिए यह प्रक्रिया अनिवार्य नहीं है। ऐसे लोग परिवार के शिक्षित सदस्य की मदद से स्वगणना कर सकते हैं। यदि यह संभव नहीं है तो उन्हें खुद डिजिटल फॉर्म भरने की जरूरत नहीं होगी।
एक दिसंबर से प्रगणक घर-घर पहुंचकर परिवारों का विवरण दर्ज करेंगे और स्वगणना में दी गई जानकारी का सत्यापन करेंगे। इस दौरान पलायन कर चुके परिवारों, बाहर से आकर बसे लोगों और बंद मकानों की स्थिति भी दर्ज की जाएगी। रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर रहने वाले बेघर लोगों को भी जनगणना में शामिल किया जाएगा। ऐसे लोगों की गणना चार जनवरी को सूर्यास्त से रात 12 बजे तक की जाएगी। जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल के अनुसार, जो लोग डिजिटल माध्यम से जानकारी नहीं भर सकते, उनकी गणना प्रगणक घर पहुंचकर करेंगे और कोई परिवार छूटने नहीं पाएगा।
