टाटा सिएरा ईवी को भारत एनसीएपी क्रैश टेस्ट में 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली है। इस इलेक्ट्रिक मिड-साइज एसयूवी ने एडल्ट ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन में 32 में से 30.62 अंक और चाइल्ड ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन में 49 में से 45 अंक हासिल किए। टेस्ट में कार के टॉप-एंड एम्पावर्ड 75kWh QWD वेरिएंट का इस्तेमाल किया गया, और यह रेटिंग सिएरा ईवी के सभी वेरिएंट्स पर लागू होती है।
टेस्ट में ड्राइवर और को-ड्राइवर के सिर, छाती, पेल्विस और जांघों को 'गुड' प्रोटेक्शन मिला। हालांकि, दोनों की पिंडली को पर्याप्त (एडिक्वेट) प्रोटेक्शन मिला, जबकि ड्राइवर को मामूली (मार्जिनल) प्रोटेक्शन रेटिंग मिली। साइड मूवेबल डिफॉर्मेबल बैरियर और साइड पोल इंपैक्ट टेस्ट में ड्राइवर और को-ड्राइवर के सभी अंगों को 'गुड' रेटिंग दी गई।
चाइल्ड प्रोटेक्शन टेस्ट में सिएरा ईवी ने फ्रंट और साइड क्रैश टेस्ट में पीछे बैठे 18 महीने और 3 साल के बच्चों के डमी के लिए पूरे अंक हासिल किए। सीआरएस इंस्टॉलेशन स्कोर में भी इसे 12 में से 12 अंक मिले, लेकिन व्हीकल असेसमेंट स्कोर में 4 अंक कटने से चाइल्ड प्रोटेक्शन का कुल स्कोर 49 में से 45 रह गया।
भारत एनसीएपी की फैक्ट शीट के मुताबिक, यह रेटिंग जून 2026 के मूल्यांकन के तहत सूचीबद्ध सिएरा ईवी वेरिएंट्स पर लागू होती है, जिनमें प्योर, प्योर एस, एडीवी और ईएमपी ट्रिम्स शामिल हैं। टेस्ट की गई गाड़ी का वजन 2,414 किलोग्राम था और इसमें टू-रो एसयूवी बॉडी कॉन्फिगरेशन था। इस दायरे में आने वाले सभी वेरिएंट्स में इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, कर्टन एयरबैग के जरिए साइड हेड प्रोटेक्शन, पेडेस्ट्रियन प्रोटेक्शन और सीटबेल्ट रिमाइंडर स्टैंडर्ड इक्विपमेंट के रूप में सूचीबद्ध हैं। सिएरा ईवी की एक्स-शोरूम कीमत 18.79 लाख रुपए से 25.99 लाख रुपए तक है।
