कौशांबी में जनगणना 2027 के तहत पहली बार शुरू हुई डिजिटल स्वगणना की प्रक्रिया ग्रामीण क्षेत्रों में निरक्षर, बुजुर्ग और तकनीकी जानकारी से वंचित लोगों के लिए चुनौती बन गई है। मोबाइल या इंटरनेट के जरिए स्वयं गणना करना इन लोगों के लिए आसान नहीं है, इसलिए प्रगणक घर-घर जाकर उनकी सहायता कर रहे हैं। प्रगणक लोगों से सवाल पूछकर जनगणना प्रपत्र पर सभी जानकारियां दर्ज कर रहे हैं, ताकि उनकी स्वगणना की प्रक्रिया पूरी हो सके।

फील्ड ट्रेनर व सुपरवाइजर रामकृष्ण ने बताया कि डिजिटल प्रक्रिया में किसी भी परिवार को गणना से वंचित नहीं रखा जाएगा। जो लोग स्वयं ऑनलाइन जानकारी दर्ज नहीं कर पा रहे हैं, उनके घर जाकर प्रगणक विवरण एकत्र करेंगे। उन्होंने लोगों को स्वगणना के प्रति जागरूक करते हुए गणना के दौरान आने वाली तकनीकी और अन्य समस्याओं के निराकरण की जानकारी दी और अधिक से अधिक लोगों को स्वयं स्वगणना करने के लिए प्रेरित किया।

बताया गया कि पलायन कर चुके परिवारों की गणना उनके वर्तमान निवास स्थान पर की जाएगी, जबकि बंद मकानों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थलों पर रहने वाले लोगों के साथ ही बेघर और घुमंतू परिवारों को पहले चिह्नित किया जाएगा। ऐसे लोगों की गणना निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चार जनवरी की शाम को प्रगणकों के माध्यम से की जाएगी।

बुधवार को कड़ा विकासखंड के हिसामपुर परसखी में प्रगणक रिया सेठी व अश्वनी कुमार ने श्रीचंद, अभिमन्यु और कैलाश नाथ की डिजिटल स्वगणना में सहयोग किया। वहीं, बुजुर्ग जगरानी, सलोनी और लालजी समेत अन्य लोगों की जानकारी जनगणना प्रपत्र पर दर्ज की गई, जिसे प्रगणक स्वयं गणना प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन दर्ज कराएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल स्वगणना की सफलता के लिए तकनीकी सुविधा के साथ मानवीय सहयोग भी अहम साबित हो रहा है।