भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) अब रोजमर्रा की कई बड़ी समस्याओं के समाधान में मदद कर रहा है। छात्रों और स्टार्टअप ने इसके लिए अलग-अलग डिजिटल उपकरण तैयार किए हैं। ये उपकरण सड़क के गड्ढों की पहचान करने, जमीन के दस्तावेजों की जांच करने और अस्पतालों में बीमारियों के रुझान पहचानने जैसे कामों में इस्तेमाल हो रहे हैं।

चेन्नई के संजय मांडवा ने जमीन के दस्तावेजों की जांच के लिए लैंडीड नाम का प्लेटफॉर्म बनाया है। यह 24 राज्यों के करीब 1.8 अरब दस्तावेजों के आधार पर जमीन के मालिकाना हक और रिकॉर्ड में मौजूद गड़बड़ियों की पड़ताल करता है। इससे जमीन खरीदने वालों को संपत्ति के दस्तावेज सही हैं या नहीं, यह समझने में मदद मिल सकती है। वहीं, बंगलूरू के गौरव सेन ने एक एआई एप बनाया है, जो डैशकैम और सैटेलाइट नेविगेशन की मदद से सड़क के गड्ढों की पहचान करता है और उनकी जानकारी संबंधित नगर निकाय अधिकारियों तक पहुंचाता है। इससे सड़कों की खराब हालत पहचानने और मरम्मत की प्रक्रिया बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है। अस्पतालों में भी एआई मरीजों की जांच रिपोर्ट समझने और बीमारियों के बढ़ते मामलों का पता लगाने में डॉक्टरों की सहायता कर रहा है।

इस साल के पहले नौ महीनों में भारतीय एआई स्टार्टअप ने एक अरब डॉलर से अधिक की फंडिंग जुटाई है, जो इस क्षेत्र में निवेशकों की बढ़ती दिलचस्पी दर्शाता है। हालांकि, महंगे कंप्यूटिंग संसाधन, चिप की कमी और जटिल नियम स्टार्टअप के सामने बड़ी बाधाएं हैं। सरकारी परियोजनाओं के लिए बनाई गई तकनीक को लंबे समय तक चलने वाले कारोबार में बदलना भी चुनौती है। ऐसे में भारत के सामने एक तरफ नए एआई समाधान विकसित करने की जरूरत है, तो दूसरी तरफ उन्हें आम लोगों तक पहुंचाने और आर्थिक रूप से टिकाऊ बनाने का रास्ता तैयार करना है।