नवी मुंबई के उसारली गांव के पास मोबाइल लोन की किस्तों को लेकर हुए विवाद में एक 23 वर्षीय युवक की कथित हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने सोमवार को 30 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आरोपी ने पूछताछ में हत्या की बात कबूल की है।
पुलिस के अनुसार, ठाणे के कोपरी निवासी प्रतीक दिलीप अंबावले (23) ने लोन पर दो मोबाइल फोन खरीदे थे, जिनके लिए पनवेल निवासी प्रतीक मोहन जाधव (30) गारंटर था। अंबावले फोन की किस्तें नहीं चुका पाया था। नवी मुंबई के सहायक पुलिस आयुक्त मयूर भुजबल ने बताया कि यह घटना पिछले हफ्ते हुई थी।
अंबावले 9 नवंबर को लापता हो गया था, जिसके बाद कोपरी पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया। जांच में उसके फोन की आखिरी लोकेशन पनवेल तालुका के उसारली गांव के पास मिली और पता चला कि उसे जाधव के फोन से 22 कॉल आए थे। इसके बाद पुलिस ने जाधव को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में जाधव ने पुलिस को बताया कि वह और अंबावले 8 नवंबर की रात करीब 1 बजे पनवेल रेलवे स्टेशन पर मिले और शिवकर गांव गए। उसने अंबावले से उस लोन के बारे में बात की, जिसकी किस्तें न चुकाने के कारण रिकवरी एजेंट उसे परेशान कर रहे थे। बहस के दौरान अंबावले ने उसे लात मारी। अधिकारी के मुताबिक, गुस्से में आकर जाधव ने चाकू निकाला और अंबावले की हत्या कर दी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने शव को पास की झाड़ियों में छिपा दिया और खून से सने हथियार को पीड़ित के काले बैग में रखकर शिवकर-ओएनजीसी रोड पर एक पुल के नीचे फेंक दिया। पुलिस ने शिवकर में एक स्कूल के पीछे नाले के पास झाड़ियों से अंबावले का शव बरामद किया। परिजनों ने शव की पहचान की, जिसके बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया। पनवेल सिटी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और सबूत मिटाने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
