केंद्र सरकार ने BS-6 वाहन मालिकों के लिए प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) को लेकर नियमों में बदलाव किया है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने 13 नवंबर को इस संबंध में अधिसूचना जारी की थी। नई व्यवस्था के तहत नई BS-6 गाड़ियों को खरीद के बाद तीन साल तक PUC रिन्यू करवाने की जरूरत नहीं होगी। वहीं छह साल तक पुरानी BS-6 निजी गाड़ियों का प्रमाणपत्र भी तीन साल तक वैध रहेगा और BS-6 परिवहन वाहनों को हर दो साल में यह प्रमाणपत्र बनवाना होगा।

छह साल से अधिक लेकिन दस साल तक पुरानी BS-6 गाड़ियों के लिए हर साल PUC बनवाना होगा, जबकि दस साल से ज्यादा पुरानी गाड़ियों को हर छह महीने में यह प्रमाणपत्र रिन्यू करवाना होगा। सरकार ने स्पष्ट किया है कि BS-6 से पहले के उत्सर्जन मानकों वाले वाहनों को इन नियमों में कोई राहत नहीं दी गई है। ऐसे वाहनों को पुराने नियमों के अनुसार ही अपनी वैधता साबित करनी होगी।

प्रमाणपत्र की अवधि को लेकर भी सरकार ने जानकारी दी है। अगर PUC खत्म होने से पहले नया प्रमाणपत्र जारी करवाया जाता है, तो उसकी अवधि नई तारीख से शुरू होगी। हालांकि, अगर यह समाप्ति से दस दिन पहले शुरू होती है, तो अवधि पुराने प्रमाणपत्र की समाप्ति की तारीख से मानी जाएगी। वहीं समाप्ति के बाद रिन्यू करवाने पर वैधता नई तारीख से लागू होगी।

केंद्र सरकार के मुताबिक, इन नियमों को केंद्रीय मोटर वाहन में अधिसूचित किया गया है और राजपत्र पर प्रकाशन के साथ ही ये लागू हो गए हैं। नियम लागू होने से पहले जारी किए गए PUC प्रमाणपत्रों की वैधता अपने आप नहीं बदलेगी। यह व्यवस्था केवल नियम लागू होने के बाद करवाए जा रहे प्रमाणपत्रों पर ही लागू होगी।